कवरेज कर रहे मीडियाकर्मियों से भी हुई बदसलूकी
मनीष ओझा
प्रतापगढ । जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के एम एम पी जी कालेज कालांकाकर के बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र अविरल सिंह अपने दोस्तों के साथ कल शाम गंगा नदी में नहाने के लिए काला काकर घाट गया हुआ था। जहां गहरे पानी में जाने की वजह से रायबरेली का छात्र अविरल सिंह डूबने लगा। साथ में रहे दोस्तों ने बचाने का बहुत प्रयास किया लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण उसके दोस्त उसे बचा नहीं सके। जिसके बाद घबराए छात्रों ने आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी।
वीडियो
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ज्यादा सक्रियता ना दिखाते हुए बस नाम मात्र का ही ही प्रयास किया। जिसके बाद नवाबगंज थाने की पुलिस लौट आयी। लेकिन छात्रों ने हार नहीं मानी और सारी रात डूबे हुए छात्र को ढूंढते रहे। आज सुबह भी नवाबगंज पुलिस का रवैया बहुत ही निराशाजनक रहा। छात्र अकेले ही अपने साथी को ढूंढते रहे ना प्रशासन ने गोताखोर की व्यवस्था की थी और ना जाल कि जिससे कि छात्र को खोजा जा सके। जिसके बाद आक्रोशित छात्रों ने लखनऊ - इलाहाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर आलापुर चौराहे पर आज शुबह जाम लगा दिया। हाइवे जाम की सूचना पर पुलिस के आला अधिकारियों के हाथ पैर फूलने लगे। कुंडा सीओ राधेश्याम कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। सीओ कुंडा ने आक्रोशित छात्रों को समझाने का बहुत प्रयास किया लेकिन छात्रों ने एक ना मानी। छात्रों का आरोप था कि पुलिस प्रशासन ने मदद नहीं किया नहीं तो शायद उनका साथी बच सकता था। छात्रों का कहना था जब तक हमारा साथी नहीं मिलता हम सड़क को जाम रखेंगे। हाईवे पर जाम की वजह से दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। जिसके बाद खिसियाई पुलिस ने निहत्थे छात्रों पर बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज शुरू कर दिया। कवरेज कर रहे मीडिया कर्मियों को भी नहीं बख्शा। कुछ पत्रकारों के कैमरे और मोबाइल पुलिस वालों ने छीन लिए। लाठीचार्ज में कई छात्र बुरी तरह घायल हो गए। लगभग आधे घंटे चले तांडव के बाद पुलिस प्रशासन ने जाम खुलवाया। फिलहाल छात्र का शव अभी भी नहीं बरामद हो सका। प्रशासन गोताखोरों की मदद से डूबे छात्र अविरल सिंह का शव खोजने मे जुटा है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ