शिवेश शुक्ला
प्रतापगढ़। रेलवे पुलिस ने ट्रेनों में यात्रियों को सांप दिखाकर डराने के बाद वसूली करने वाले चार सपेरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उनके पास से करीब आधा दर्जन कोबरा सांप मिले हैं। उन्हें जंगल में छोड़वाने के बाद सपेरों को जेल भेज दिया गया।
15 जुलाई को देहरादून जा रही जनता एक्सप्रेस के एक कोच में चढ़ा सपेरा पैसा न देने वाले यात्रियों के गले में जबरन कोबरा सांप डाल दे रहा था। इसे लेकर हंगामा हुआ था। रेल प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरपीएफ को सपेरों के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया। इस पर आरपीएफ इंस्पेक्टर हमराहियों के साथ रविवार को ट्रेनों में छापेमारी शुरू कर दी।
रविवार को इंटरसिटी एक्सप्रेस में चार संपेरे कोबरा दिखाते मिले। इनको पकड़कर थाने लाया गया। जांच के दौरान इनके पास से 6 कोबरा सांप मिले। वन विभाग से बात करने के बाद सांपों को चिलबिला के जंगल में छोड़ा गया। इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह ने बताया कि पकड़े गए संपेरे रायबरेली जनपद के हैं। सांप का भय दिखाकर ट्रेनों में यात्रियों से वसूली करते थे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ