अखिलेश्वर तिवारी
जिला पंचायत सदस्यों ने लगाए अधिकारों के हनन का आरोप
बलरामपुर ।। जनपद बलरामपुर जिला मुख्यालय के जिला पंचायत सभागार में आज जिला पंचायत की बैठक शोर शराबा व गहमागहमी के बीच संपन्न हुई । बैठक में मौजूद तमाम सदस्यों ने जिला पंचायत अध्यक्ष रामावती पर निष्क्रियता का आरोप लगाया वहीं कई सदस्यों ने मौजूदा विधायक व सांसद पर उनके अधिकारों के हनन का भी आरोप लगाया । सदस्यों का कहना था कि जिला पंचायत द्वारा कराए जा रहे कार्यों के लिए उनसे कार्य योजना ना ले कर विधायक तथा सांसद की संस्तुति पर कार्य कराए जा रहे हैं जिससे जिला पंचायत सदस्यों की किरकिरी हो रही है तथा उनके अधिकारों का हनन किया जा रहा है । सदस्यों के आरोपों पर सदर विधायक पलटू राम ने जोरदार तरीके से खंडन किया और कहा कि अभी तक आप लोग कहां थे जब पिछली सरकार में किसी से कुछ पूछा नहीं जा रहा था । अब जब भाजपा सरकार सभी को साथ लेकर चलने का प्रयास कर रही है तो ऐसे समय में बेबुनियाद आरोप लगाकर अपनी मानसिकता का परिचय दे रहे हैं ।
काफी गहमागहमी के बीच बैठक संपन्न हुई अंतत: सांसद श्रावस्ती दद्दन मिश्रा ने सदस्यों को आश्वस्त किया कि सभी लोग अपनी कार्ययोजना दें जिससे सभी क्षेत्र में विकास कार्य कराए जा सकें वहीं सदर विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार सभी क्षेत्रों के विकास के लिए कार्य कर रही है । सभी सदस्य अपनी अपनी कार्य योजना जमा कराएं कार्य अवश्य कराए जाएंगे । इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष रामावती व उनके पति गुरदास सरोज मूकदर्शक बने बैठे रहे । बैठक में सांसद श्रावस्ती दद्दन मिश्रा विधायक सदर पलटू राम विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला, अजय सिंह पिंकू, जिला पंचायत अध्यक्ष रामावती, प्रतिनिधि गुरदास सरोज, अधिशासी अधिकारी अशरफ अली तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी के अलावा जिले के सभी 40 जिला पंचायत सदस्य व उनके तमाम समर्थक मौजूद थे ।
![]() |



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ