ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। सामाजिक भय और लोकलाज के डर से एक नवजात बच्ची को निर्दयी मां ने जन्म देकर नदी में फेंक दिया।
रोंगटे खड़ी कर देने वाली यह लोमहर्षक घटना जिले के तरबगंज थाना क्षेत्र के नरायनपुर गांव की है। इस गांव के पास स्थित टेढ़ी नदी में बुधवार की सुबह गांव लोगों ने एक नवजात शिशु को तैरते हुए देखा।
नदी में नवजात बच्ची का शव तैरता हुआ देखकर पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। खबर फैलते ही मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई।
नदी में नवजात शिशु का शव तैरने की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही डायल 100 तथा थाने की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और नवजात के शव को नदी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताते हैं कि पानी भर जाने से बच्ची का शरीर फूला हुआ था।
नवजात के शव को लेकर पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं की जा रही हैं। माना जा रहा है कि लोक-लाज के भय से नवजात-बच्ची को जन्म देकर नदी में फेंक दिया गया।
तरबगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
एक तरफ सरकार द्वारा बेटी बचाओ मुहिम चला रही है, वहीं उसकी इस मुहिम की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ