ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। गोण्डा और कैसरगंज लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी को प्रचंड मत मिले हैं। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में मोदी लहर पर सवार कैसरगंज से बीजेपी प्रत्याशी बृजभूषण शरण सिंह व गोंडा लोकसभा सीट से प्रत्याशी कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भइया ने जीत हासिल की है। बृजभूषण ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा-बसपा गठबंधन के प्रत्याशी चंद्रदेव राम यादव को 2.59 लाख वोट से तो कीर्तिवर्धन सिंह ने सपा के पूर्व मंत्री विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह को 1.66 लाख वोट के विशाल अंतर से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ ही यह भी साबित हो गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की आलोचना करने वाले विपक्षी दलों को जनता ने पूरी तरह से नकार दिया है और एक बार फिर से मोदी सरकार के नारे पर अपनी मुहर लगा दी है।
वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में कैसरगंज लोकसभा क्षेत्र के कुल 959759 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसमें से बृजभूषण शरण सिंह को कुल 577898 मत मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी चंद्रदेव राम यादव को 318110 मत मिले। उन्होंने गठबंधन प्रत्याशी को 259188 वोटों से हराकर ऐतिहासिक जीत हासिल की। बृजभूषण शरण सिंह ने कैसरगंज से लगातार तीसरी बार जीत हासिल कर हैट्रिक लगाई है। इस जीत के साथ ही पार्टी के भीतर न सिर्फ उनकी स्थिति मजबूत हुई है, बल्कि इस जीत से केंद्रीय मंत्रिमंडल में उनका मंत्री पद का दावा भी मजबूत हुआ है। बता दें कि वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में कैसरगंज संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी बृजभूषण शरण सिंह को 381500 वोट मिले थे। उन्होंने सपा उम्मीदवार विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह को 78218 मतों से पराजित किया था।
लगातार दूसरी बार सांसद चुने गए कीर्तिवर्धन सिंह
कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भइया भी गोंडा संसदीय सीट से लगातार दूसरी बार सांसद चुने गए हैं। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में गोंडा संसदीय क्षेत्र के 922504 मतदाताओं ने वोट किया, जिसमें से कीर्तिवर्धन सिंह को 493136 वोट मिले हैं। कीर्तिवर्धन सिंह ने सपा के अपने निकटतम प्रतिद्वंदी विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह को 166481 वोटों से पराजित किया। सपा प्रत्याशी व पूर्व मंत्री विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह को 326655 वोट मिले। इसके पहले वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में गोण्डा संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी कीर्तिवर्धन सिंह को 359639 वोट मिले थे। उन्होंने सपा उम्मीदवार नंदिता शुक्ला को 160000 मतों से पराजित किया था।
चमत्कार नहीं कर सके माया-अखिलेश
गोण्डा और कैसरगंज सीट पर भाजपा, बसपा, सपा व कांग्रेस के बड़े नेताओं ने अपने प्रत्याशियों के समर्थन में रैलियां कीं। बसपा प्रमुख मायावती ने कैसरगंज प्रत्याशी चंद्रदेव राम यादव के पक्ष में कटरा बाजार में आयोजित जनसभा को संबोधित किया, तो सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गोंडा से पार्टी प्रत्याशी विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह के समर्थन में एक ही दिन में रेहरा बाजार व गोंडा में चुनावी रैली की। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने भी कैसरगंज प्रत्याशी विनय पांडेय के समर्थन रैली की, लेकिन इन नेताओं की रैलियों में पहुंचीं भीड़ वोट में तब्दील नहीं हो सकी, जबकि प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोंडा में पार्टी प्रत्याशी कीर्तिवर्धन सिंह व कैसरगंज में बृजभूषण शरण सिंह के समर्थन में रैली को संबोधित किया और जनता को भाजपा की नीतियों को समझाने में सफल रहे।
फैक्ट फाइल
- कैसरगंज लोकसभा में कुल मतदाता-1791950
- पुरूष मतदाता- 961059
- महिला मतदाता-830818
- कुल पड़े वोट- 959759
- मतदान प्रतिशत -53.56
- गोंडा लोकसभा में कुल मतदाता-1754478
- पुरूष मतदाता- 954654
- महिला मतदाता-799750
- कुल मतदान – 922504
- मतदान प्रतिशत – 52.58
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ