ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। पूरे देश की भांति गोण्डा जिले की दो संसदीय सीटों पर भी एक बार फिर भगवा लहराया है। आंकडों के मुताबिक कैसरगंज से भाजपा सांसद व भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण ने ढाई लाख मतों से भी अधिक के अंतर से जीत दर्ज की है, जबकि गोण्डा सीट से कीर्तिवर्धन सिंह भी एक लाख 66 हजार मतों से अधिक के अन्तर से चुनाव जीत गए हैं। दोनों सांसदों ने अपनी पिछली जीत को रिकार्ड मतों से ध्वस्त कर दिया है। साथ ही इस बार दोनों सांसदों को पिछले लोकसभा चुनाव की तुलना में ज्यादा मत भी हासिल हुए हैं। इस चुनाव में सबसे खास बात यह रही कि दोनों सीटों पर चुनाव लड़ने वाले 21 प्रत्याशियों को नोटा से भी कम वोट मिले हैं।
गोण्डा सीट पर 25036 मत पाकर तीसरे स्थान पर अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा पटेल रहीं, जो कांग्रेस के टिकट पर चुनाव मैदान में थीं। गोण्डा सीट पर 8230 मतदाताओं ने नोटा का इस्तेमाल किया। इस सीट पर चुनाव लड़ रहे कुल 15 प्रत्याशियों में से 12 नोटा के बराबर भी मत हासिल नहीं कर सके। यहां से चुनाव लड़ने वाले अन्य उम्मीदवारो में आसमान दत्त मिश्र को 3629, कुतुबुद्दीन खान डायमण्ड को 6130, मो. जावेद अंसारी को 1497, धनीराम चौधरी को 3460, पीर अली खान को 1887, मुबारक अली को 2773, राधेश्याम मिश्र को 3821, हाफिज अली को 2069, मो. अरवी को 2489, नरेन्द्र सिंह को 3185, महेश सिंह को 5366 व विनोद कुमार सिंह को 2583 मत ही हासिल हुए।
इसी प्रकार जिले की कैसरगंज सीट पर भाजपा और गठबंधन प्रत्याशी के अलावा कांग्रेस के पूर्व सांसद विनय कुमार पाण्डेय उर्फ बिन्नू को 36766 मत मिले हैं। गोण्डा संसदीय सीट की तर्ज पर यहां भी चुनाव मैदान में उतरे कुल 12 प्रत्याशियों में से अन्य नौ प्रत्याशी नोटा के बराबर भी मत हासिल नहीं कर सके। इस सीट पर 13107 मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया, जबकि यहां चुनाव लड़ने वाले उमेश कुमार को 5876, चन्द्र प्रकाश पाण्डेय को 3101, धनंजय शर्मा को 1986, प्रमोद कुमार को 2195, वाजिद अली को 2026, संतोष को 2150, ओम प्रकाश मिश्रा को 3069, मुन्नी देवी को 4547 तथा शिव नरायन को 4874 मत प्राप्त हुए। बताते चलें कि पिछले लोकसभा चुनाव में बृजभूषण सिंह ने 381500 मत पाकर अपने निकटतम प्रतिद्वन्दी सपा के पंडित सिंह को 78218 मतों से हराया था।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ