अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर के अंग्रेजी माध्यम विद्यालय डिवाइन पब्लिक स्कूल में शनिवार को नर्सरी से लेकर कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों द्वारा मदर्स डे बड़े ही उत्साह, प्रेम एवं भावनात्मक वातावरण में मनाया गया।
9 मई को मदर्स डे कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी माताओं के प्रति प्रेम, सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए विभिन्न प्रकार के आकर्षक कार्ड तैयार किए तथा भावनात्मक भाषण, कविताएं एवं गीत प्रस्तुत किए। विद्यालय परिसर बच्चों की मधुर प्रस्तुतियों और भावनाओं से सराबोर दिखाई दिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी मासूम अभिव्यक्तियों के माध्यम से यह संदेश दिया कि मां का स्थान जीवन में सबसे महत्वपूर्ण होता है। कई बच्चों ने अपनी माताओं के लिए स्वयं द्वारा बनाए गए कार्ड भेंट कर उन्हें विशेष महसूस कराया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने “मां” के त्याग, स्नेह और समर्पण को दर्शाते हुए सुंदर गीत एवं स्पीच प्रस्तुत कीं, जिन्हें सुनकर उपस्थित सभी शिक्षक एवं अभिभावक भावुक हो उठे। विद्यालय परिवार ने बच्चों के उत्साह एवं रचनात्मकता की सराहना की ।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक आशीष उपाध्याय ने प्रातः कालीन प्रार्थना सभा में बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी यह मानते हैं कि ईश्वर हमारी सभी इच्छाओं की पूर्ति करते हैं, लेकिन वास्तव में ईश्वर ने हमें माता-पिता के रूप में सबसे बड़ा उपहार दिया है। माता-पिता ही हमारे जीवन में ईश्वर का साक्षात रूप हैं, जो बिना किसी स्वार्थ के हमारी हर आवश्यकता और इच्छा को पूरा करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने बच्चों को समझाते हुए कहा कि हम सभी का कर्तव्य है कि सदैव अपने माता-पिता की आज्ञा का पालन करें, उनका सम्मान करें तथा उनके द्वारा बताए गए सही मार्ग पर चलने का प्रयास करें। यही सच्चे संस्कार और जीवन की सबसे बड़ी सीख है। विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि बच्चों के अंदर संस्कार, भावनात्मक जुड़ाव एवं सामाजिक मूल्यों का विकास भी उतना ही आवश्यक है। इसी उद्देश्य से विद्यालय समय-समय पर विभिन्न सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन करता रहता है, जिससे बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके तथा वे जीवन के हर रिश्ते का महत्व समझ सकें। उन्होंने कहा कि डिवाइन पब्लिक स्कूल सदैव शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के जीवन में खुशियों, संस्कारों एवं रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ