अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। केंद्र सरकार द्वारा भारतीय डाक विभाग मे नई पहल के तहत गंगाजल आपके द्वार योजना चालू किया है । बलरामपुर के मुख्य डाकघर में आज मुख्य अतिथि विधायक सदर पलटू राम तथा डाक अधीक्षक दिनेश शाह द्वारा योजना के विशेष आवरण तथा विरूपण का विमोचन किया गया । अब डाक विभाग द्वारा चयनित डाकघरों पर आम आदमी को ₹30 देकर 250 एमएल गंगाजल प्राप्त कर सकता है ।
डाक अधीक्षक ने बताया कि डाकघरों के अलावा ऑनलाइन आर्डर करके घर पर भी गंगाजल प्राप्त किया जा सकता है । उन्होंने योजना पर विस्तार से उपस्थित लोगों को जानकारी दी । ऑनलाइन ऑर्डर पर पोस्टमैन घर पर जाकर गंगाजल की डिलीवरी देंगे । सदर विधायक पलटू राम ने योजना की सराहना करते हुए कहा की इस योजना से ऐसे लोगों को जो गंगोत्री तक नहीं जा सकते हैं और गंगा जल की आवश्यकता है उन्हें घर बैठे गंगाजल उपलब्ध हो जाएगा ।
उन्होंने कहा कि सभी धार्मिक कार्यों तथा पवित्रता के लिए हिंदू धर्म में गंगाजल का विशेष महत्व है । इसलिए इस योजना से अब सभी को आसानी से गंगाजल उपलब्ध होता रहेगा । उन्होंने इस योजना के लागू करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री की सोच को दाज देनी चाहिए कि वह अंतिम व्यक्ति के हितों की रक्षा की बात हमेशा सोचते हैं और उन्हीं के प्रयास से संचार मंत्री रवी शंकर प्रसाद द्वारा गंगाजल आपके द्वार योजना शुरू किया गया है ।
उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से इस योजना का लाभ अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचेगा । इस योजना की जिम्मेदारी डाक विभाग को सौंपी गई है जिसकी जड़ें देश के दुर्गम क्षेत्रों तक फैली हुई है । पहाड़ हो या पठारी क्षेत्र मैदानी क्षेत्र हो या बर्फीले पहाड़ी क्षेत्र सभी जगह डाक विभाग की शाखाएं संचालित हो रही हैं और डाक विभाग की पहुंच देश के अंतिम व्यक्ति तक है ।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ