गोण्डा के टाउनहाल में हुआ उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ के देवीपाटन व अयोध्या मंडल का संयुक्त अधिवेशन
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ देवीपाटन एवं अयोध्या मण्डल का संयुक्त सम्मेलन, शैक्षिक गोष्ठी तथा सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह डॉक्टर संपूर्णानंद प्रेक्षागृह (टाउनहाल) गांधी पार्क में आयोजित हुआ, जिसके मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य, अध्यक्ष उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ एवं नेता शिक्षक दल ओमप्रकाश शर्मा रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज नवाबगंज की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं सरयू प्रसाद कन्यापाठशाला इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत कर किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एमएलसी ओमप्रकाश शर्मा ने कहा कि अर्जित उपलब्धियों की सुरक्षा के लिए सभी शिक्षक सजग रहें क्योंकि सरकारें शिक्षा एवं शिक्षक हितों के प्रति उदासीन रवैया अपना रही हैं। उन्होंने शिक्षकों को चेताते हुए कहा कि यदि हम संगठित नहीं हुए तो प्राप्त परिलब्धियां भी छीनी जा सकती हैं। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन का एकमात्र उद्देश्य शिक्षकों को जगाना और सावधान करना है।
मण्डलीय शिक्षक सम्मेलन को संबोधित करते हुए शिक्षक विधायक ध्रुव कुमार तिवारी ने कहा कि शिक्षकों की एकता बहुत जरूरी है। प्रांतीय महामंत्री इंद्रासन सिंह ने संगठन द्वारा शिक्षक हित में किए गए कार्यों का उल्लेख किया। विधान परिषद में शिक्षक शिक्षक दल के मुख्य सचेतक जगवीर किशोर जैन ने संगठन के महत्व पर प्रकाश डाला।
सम्मेलन में आए हुए सभी अतिथियों का का स्वागत गोण्डा के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह, जिला मंत्री राधामोहन पाण्डेय एवं जिला कार्यकारिणी के सदस्यों द्वारा की गया। इस संयुक्त अधिवेशन की अध्यक्षता अजीत सिंह और संचालन मजहरूल हक अंंसारी ने किया। कार्यक्रम को विशिष्ट अतिथि के रूप में एमएलसी जगवीर किशोर जैन, एमएलसी सुरेश कुमार त्रिपाठी, पूर्व एमएलसी सुभाषचंद्र शर्मा, इंद्रासन सिंह, एमएलसी हेम सिंह पुण्डीर, एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी, पूर्व एमएलसी डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र, रामेश्वर उपाध्याय संपादक-संतुष्ट आदि ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर संयुक्त मंत्री पवन प्रताप सिंह, श्रीमती सुनीता रानी, ज्योत्सना भटनागर, प्रतिभा त्रिपाठी, दीपा वर्मा, अमित कुमार यादव, चंद्रशेखर रूपेश कुमार श्रीवास्तव, भरतलाल मिश्र, शत्रुघ्न शुक्ल, रमाकांत शुक्ल, अशोक शुक्ल, अनिल कुमार सिंह, विष्णुजीत सिंह, सुरेंद्र यादव के साथ ही देवीपाटन एवं अयोध्या मण्डल के शिक्षक नेता, पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
सम्मेलन में गूंजती रहीं समस्याएं
मंडलीय सम्मेलन के दौरान शिक्षकों की विभिन्न समस्याएं गूंजती रहीं, जिसमें पूर्णकालिक लेखाधिकारी का न होना, सेवानिवृत्त शिक्षकों को जान बूझकर दूर स्थित विद्यालयों में नियुक्त किया गया जिससे पठन-पाठन बाधित हो रहा है। मूल्यांकन के पारिश्रमिक का भुगतान न होने, कक्ष निरीक्षक, केन्द्र व्यवस्थापक, बण्डल वाहक के पारिश्रमिक का भुगतान न किए जाने तथा उक्त सम्मेलन में संयुक्त शिक्षा निदेशक, देवीपाटन मंडल, अयोध्या मण्डल एवं जिला विद्यालय निरीक्षक का शिक्षक समस्याओं को सुनने के लिए उपस्थित न होने पर अध्यक्ष उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ एवं विधान परिषद में नेता शिक्षक दल ओमप्रकाश शर्मा ने नाराजगी व्यक्त की।




एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ