Type Here to Get Search Results !

Action Movies

Bottom Ad

उन्नाव कांड : सीबीआई ने दुर्घटना का पूरा नक्शा किया तैयार, चालक-क्लीनर तीन दिन की रिमांड पर


योगेश मिश्रा
सुल्तानपुर : सीबीआई टीम ने शनिवार को फिर यहां न सिर्फ घटनास्थल की नापजोख की बल्कि, घटनास्थल का मैप भी तैयार कराया। अब तक की गई जांच, पुलिस अफसरों और गवाहों के बयान संबंधी दस्तावेज को सील करने के बाद टीम वापस लौट गई। घटनास्थल का नक्शा बनवाने के लिए विशेषज्ञों की टीम को बुलाया गया था। कई घंटे तक सीबीआई ने हर बिंदु पर गहन पड़ताल की।

गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र में रायबरेली-लालगंज राजमार्ग (कानपुर हाईवे) पर सुल्तानपुर खेड़ा गांव स्थित मोड़ के पास बीते रविवार को कार-ट्रक की टक्कर में उन्नाव कांड की पीड़िता की चाची-मौसी की मौत हो गई थी। स्वयं पीड़िता और उनका वकील घायल हो गये थे, जिनका लखनऊ में इलाज चल रहा है।

इस हाईप्रोफाइल मामले की जांच सीबीआई कर रही है। पूर्वाह्न 11 बजे इंस्पेक्टर संतोष कुमार तिवारी की अगुवाई में सीबीआई टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने विशेषज्ञों से घटनास्थल का पूरा नक्शा तैयार कराया। ट्रक और कार किस ओर से आ रहे थे। हादसे के दौरान कैसे टक्कर हुई। हाईवे के दोनों तरफ की नापजोख कराई।

अटौरा चौकी इंचार्ज कमलेश बहादुर सिंह के अलावा चश्मदीदों के बयान भी दर्ज किए। डेढ़ घंटे तक अटौरा चौकी में सीबीआई ने बैठकर घटना से जुड़े सभी दस्तावेज तैयार किए। इसके बाद उन दस्तावेजों को सील कर दिया। हादसे वाले ट्रक की भी सीबीआई ने पड़ताल की। अपराह्न तीन बजे जांच करने के बाद सीबीआई टीम वापस लौट आई।
फोरेंसिक टीम भी जांच करने पहुंची
केंद्रीय फोरेंसिक टीम भी कानपुर हाईवे पर हुई घटना की जांच करने पहुंची। इस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही स्थानीय फोरेंसिक टीम प्रभारी प्रतिभा त्रिपाठी से भी घटना के बारे में पूछताछ की। घटनास्थल से मिले सुबूतों के बारे में भी दोनों टीमों ने चर्चा की।

विवेचक फिर लखनऊ तलब, हुई पूछताछ
रायबरेली। उन्नाव कांड में शनिवार को विवेचक राकेश सिंह को फिर लखनऊ तलब किया गया है। सीबीआई ने विवेचक से हाईप्रोफाइल मामले के बारे में पूछताछ की और अहम जानकारी हासिल की। पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि विवेचक राकेश सिंह को सीबीआई ने पूछताछ के लिए लखनऊ बुलाया है। जांच में सीबीआई का पूरा सहयोग किया जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Below Post Ad

Comedy Movies

5/vgrid/खबरे