अनुपस्थित यात्री कर अधिकारी से मांगा स्पष्टीकरण
शिवेश शुक्ला
प्रतापगढ । महुली मण्डी स्थित सहायक सम्भागीय परिवहन कार्यालय सोमवार को जिलाधिकारी शम्भू कुमार औचक पहुच कर निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय कार्यालय के पटलों को देखा जिसमें कई जगह फाईले तितर-वितर स्थित में पड़ी थी और दीवारों, फाइलों पर कई जगह पर पान खाकर थूका गया था। जिसे संज्ञान में लेते हुये डीएम ने एआरटीओ सुशील कुमार मिश्र को फटकार लगायी और साथ ही यह निर्देश दिया कि कार्यालय में जिस भी काउन्टर पर जो भी कार्य किये जाते है उससे सम्बन्धित डिस्प्ले बोर्ड लगाया जाये, जिससे आने वाले आगन्तुको को कार्य कराने में सुविधा प्राप्त हो सके और उनको इधर-उधर भटकना न पड़े। जिलाधिकारी को निरीक्षण के समय एआरटीओ कार्यालय के कुछ कर्मचारी ऐसे भी मिले जिनका कार्यालय प्रथम तल पर था लेकिन वह द्वितीय तल पर इधर-उधर घूम रहे थे जिसके लिये डीएम ने एआरटीओ को फटकार लगाते हुये निर्देश दिया कि कर्मचारी अपने पटल पर कार्य न करके इधर-उधर घूमते है जिससे अव्यवस्था फैलती है। इस बात का विशेष ध्यान दिया जाये कि सम्बन्धित अधिकारी अपने पटल पर उपस्थित होकर निर्धारित कार्य को सुगमता पूर्वक सम्पन्न कराये। निरीक्षण के समय यात्री कर अधिकारी श्रीमती आभा पाण्डेय को एआरटीओ ने मौखिक रूप से अवगत कराया कि कार्यालय में अनुपस्थित है जिसके लिये जिलाधिकारी ने आभा पाण्डेय से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया और कार्यालय को साफ-सुथरा बनाने के लिये निर्देश दिया। डीएम ने एआरटीओ को फाइलों के रख-रखाव की व्यवस्था सुदृढ़ करने के भी निर्देश दिये। निरीक्षण के समय अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) सोमदत्त मौर्य भी मौजूद रहे ।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ