Type Here to Get Search Results !

Action Movies

Bottom Ad

राजधानी की सड़क पर मौत लेकर दौड़ी बस



लखनऊ (यूपी). राजधानी के हुसैनगंज स्थित बर्लिग्टन चौराहे के पास गुरुवार देर रात बेकाबू एक सिटी बस ने अर्टिगा कार, एक्टिवा व साइकिल में ठोकर मारते हुए 7 राहगीरों को रौंद दिया। हादसे में एक अधेड़ समेत दो लोगोें की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। बस का ड्राइवर औऱ चालक मौके से फरार हो गए। वहीं, नाराज भीड़ ने बस में तोड़फोड़ करने की कोशिश की, लेकिन एएसपी पूर्वी, सीओ कैसरबाग व हजरतगंज समेत चार थानों की पुलिस व पीएसी ने स्थिति को संभाला। पुलिस ने घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया है, जहां एक व्यक्ति की हालत नाजुक बनी हुई है।





दरअसल, छितवापुर पजावा स्थित पीसीएफ बिल्डिंग के पीछे रहने वाली सुबोधनी द्विवेदी यूपी को-ऑपरेटिव बैंक में मैनेजर हैं। उनकी बेटी गौरी (17) निजी स्कूल में कक्षा 11 की छात्रा है। रात करीब पौने दस बजे मां-बेटी एक्टिवा से कुछ सामान लेकर वापस घर जा रही थीं। वह जैसे ही बर्लिग्टन चौराहे पर पहुंचीं, तभी गोमतीनगर डिपो की 12 नम्बर महानगर बस ने पहले एक कार फिर एक्टिवा व तीन अन्य राहगीरों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राहगीर व आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े।
पुलिस ने एम्बुलेंस को मौके पर बुलाया। एम्बुलेंस की मदद से आनन-फानन में खून से लथपथ कार में फंसे शोभित (26) निवासी गोला गोकर्णनाथ लखीमपुरखीरी, हामिद हुसैन (54) निवासी घसियारी मण्डी कैसरबाग, सुबोधनी, गौरी, दुर्गा प्रसाद (39) व दो अन्य घायलों को सिविल व बलरामपुर अस्पताल भेजा। बलरामपुर अस्पताल भेजे गये शोभित व ट्रामा सेंटर भेजे गये हामिद हुसैन वारसी की मौत हो गयी। गंभीर रूप से घायल सुबोधनी, गौरी व दुर्गा प्रसाद को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। उधर, घटनास्थल पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को वहां से खदेड़ा।






क्रेन से हटवाई गई बस

 पुलिस ने ट्रैफिक पुलिस लाइन से क्रेन मंगवाकर बस और कार को किनारे लगवाया। बताया जा रहा है कि हामिद हुसैन वीवीआईपी गेस्ट हाउस में काम करता था। वह साइकिल से जा रहा था। परिजनों का कहना है कि हादसे में सुबोधनी के पैर व बेटी गौरी के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। सुबोधनी के शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें आयी हैं।



क्या कहना है पुलिस का 

 एएसपी पूर्वी सव्रेश कुमार मिश्रा का कहना है कि हादसे की वजह अभी साफ नहीं है। चालक नशे में था या ब्रेक फेल हुआ था। यह चालक के पकड़े जाने व बस का टेक्निकल मुआयना होने के बाद ही साफ होगा। फिलहाल, शुरुआती पड़ताल में लग रहा है कि हजरतगंज की ओर से आ रही बस ने अर्टिगा कार में बायीं ओर से टक्कर मारी और उसके बाद अन्य वाहनों व लोगों को। प्राथमिक जांच से यह साफ है कि हादसा बस का ब्रेक फेल होने की वजह से ही हुआ है। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Below Post Ad

Comedy Movies

5/vgrid/खबरे