कोतवाली क्षेत्र मे लगातार लूट की वारदातों पर नहीं लग पा रहा अंकुश, घटनायें नही हो पा रही पर्दाफाश
शिवेश शुक्ला
प्रतापगढ़।लालगंज कोतवाली क्षेत्र मे लूट और छिनैती की वारदात थामे नही थम रही है। बीती मंगलवार को दिनदहाडे सगरा सुंदरपुर पेट्रोलपम्प के पास बाइक सवार बदमाशो ने तमंचे की नोंक पर लक्ष्मी आटोमोबाइल्स के मैनेजर से तीन लाख तिरसठ हजार नगद की छिनैती कर ली। पुलिस ने इस घटना को लेकर प्रबंधक जगदीश बहादुर सिंह की तहरीर के आधार पर मंगलवार की देर रात अज्ञात बदमाशो के खिलाफ लूट का केस दर्ज किया है। घटना के दूसरे दिन भी नेशनल हाईवे पर दिनदहाडे लूट की इस वारदात को लेकर पुलिस को जरा सा भी क्लू हाथ नही लग सका है। पेट्रोल पम्प के ठीक आगे लूट की वारदात मे बदमाशो का दुस्साहस यहां तक देखने को मिला कि वह वारदात को अंजाम देने के बाद कोतवाली की तरफ लालगंज बाजार की ओर ही भागे भी। एसपी देवरंजन वर्मा ने भी लूट की वारदात को गंभीरता से लेते हुए मौके का निरीक्षण करने के बाद कोतवाली को खुलासे को लेकर अल्टीमेटम दे रखा है। अभी पखवारा भर नहीं बीता कि चौबीस सितम्बर को लीलापुर मे टाइनी शाखा मे भी बदमाशो ने घुसकर पैतालिस हजार की लूट की वारदात को भी दिनदहाडे अंजाम दिया था। पुलिस अभी तक टाइनी शाखा मे लूट की घटना को लेकर कोई सुरागरसी तक नही कर सकी है। इसके पहले उन्नीस फरवरी को भी बदमाशो ने तमंचे की नोंक पर साहबगंज बाजार मे टाइनी शाखा के एजेंट से दो लाख रूपये की दिनदहाडे सनसनीखेज लूट की वारदात को अमल मे लाया था। पुलिस ने साहबगंज की लूट की घटना का खुलासा तो दूर एफआईआर तक नही दर्ज कर सकी। यही नही उन्नीस मार्च को लोनी पुल पर हरिहरपुर कैलहा निवासी रवि मिश्रा के साथ भी बदमाशो के द्वारा चालीस हजार की लूट की घटना घटित की गयी थी। सगरासुंदरपुर से बाबूगंज बाजार के मध्य भी बदमाशो ने बाइक सवार के साथ लूट की वारदात को अंजाम देते हुये महिला को लहूलुहान कर सोने के जेवरात छीन लिये थे। इसके पहले अटठाईस जून को डांडी निवासी कौशलेंद्र शुक्ल को भी लालगंज से घर जाते समय बदमाशो ने तमंचे की नोंक पर चुटहिल करते हुये सत्तर हजार रूपये की सरेशाम लूट की घटना को अंजाम दी थी। इनमे से लूट व छिनैती की एक भी वारदात का खुलासा खाकी नहीं कर सकी है। आपराधिक घटनाओ पर अंकुश न लगने के कारण इलाके मे भय व दहशत का माहौल बना नजर आ रहा है। जबकि पुलिस के अफसर घटना के खुलासे का मात्र दावा जताकर अपने कर्तव्यो की इतिश्री समझ रहे है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ