Type Here to Get Search Results !

Action Movies

Bottom Ad

गोण्डा:चार साल से लाखों लोगों को जख्म दे रहे हैं सड़क पर बिछाए गये पत्थर










कटरा क्षेत्र में सपा शासनकाल में शुरू हुआ था सड़क का निर्माण
हुकूमत बदलते ही रोक दिया गया काम, बहराइच को जोड़ती है यह सड़क
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। सूबे के सीएम जहां सड़कों को गड्ढामुक्त करने के दावे कर रहे हैं, वहीं जिले की इस सड़क की तस्वीर उनके दावे की हवा निकालने के लिए काफी है। यहां विकास औरसड़क निर्माण की उल्टी गंंगा बह रही है।






    जिले के विकास खंड कटरा बाजार की ग्राम पंचायत सहरिया कला के सहरिया चौराहे से झाला गांव तक जाने वाली सड़क का निर्माण अधूरा है। इससे क्षेत्रीय जनता को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आधी अधूरी इस सड़क का निर्माण करीब चार साल पहले शुरू हुआ था, जिसे अधूरा छोड़ दिया गया, तब से यह उसी अवस्था है। यहां के ग्राम प्रधान अशोक सिंह ने बताया कि तीन किलोमीटर लम्बी और अतिमहत्वपूर्ण सड़क की स्वीकृति करीब 4 साल पहले सपा सरकार द्वारा की गई थी। इस पर काम शुरू कराया गया।




 इसकी पटरी बनाई गई तथा सड़क पर पत्थर डाल दिया गया। जैसे ही सरकार बदली, वैसे ही इस सड़क का निर्माण रोक दिया गया। उसके बाद आज तक इस सड़क के निर्माण का कार्य शुरू नहीं कराया गया। इतना ही नहीं, तमाम शिकायतों के बाद भी आज तक कोई भी अधिकारी इस अर्द्ध निर्मित सड़क को देखने तक नहीं आया। हद तो यह है कि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी इस सड़क के प्रति पूरी तरह उदासीन हैं।



    झौनहा के प्रधान प्रतिनिधि प्रमोद यादव का कहना है कि 4 सालों से सड़क पर पत्थर पड़े हैं। इस सड़क पर प्रतिदिन लाखों लोगों का आवागमन होता है। क्षेत्र में दो -तीन इंटर कॉलेज हैं, जहां पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को भी आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सेहरिया कला चौराहे पर अक्सर बच्चे इसी सड़क से आते जाते हैं। आए दिन कोई न कोई हादसा होता रहता है। राहगीरों के साथ ही स्कूली बच्चों को भी सड़क पर पड़ पत्थर जख्म दे रहे हैं। आए दिन बच्चे और क्षेत्रीय लोग गिरकर घायल भी होते रहते हैं। बताते हैं कि यह सड़क बहराइच बॉर्डर को जोड़ती है।



    क्षेत्र के बजरंग प्रसाद तिवारी का कहना है कि 70 सालों के बाद पहली बार इस सड़क का निर्माण शुरू हुआ था। सड़क निर्माण से लोगों को काफी खुशी हुई थी, कि अब क्षेत्रीय लोगों को अच्छा और सुगम रास्ता मिल जाएगा, जिससे आवागमन सरल तथा सुरक्षित हो जाएगा, लेकिन लोगों की उम्मीदों पर तब कुठाराघात हुआ जब सरकार बदलते ही सड़क का निर्माण कार्य रोक दिया गया। लोगों का कहना है कि इस सड़क के बन जाने से गंगवल बाजार होते हुए बहराइच तक का सफर आसान हो जाता, लेकिन हम लोगों के सारे सपनों पर पानी फिर गया। अच्छा रास्ता तो देखने को नहीं मिला, अलबत्ता आए दिन किसी ना किसी बच्चे अथवा अन्य राहगीर का हाथ-पैर इस पर गिरकर जरूर टूटता रहता है। 




     प्रगतिशील समाजवादी (लोहिया) पार्टी के कटरा बाजार विधानसभा अध्यक्ष विनय तिवारी का कहना है कि इस सड़क के निर्माण की मांग को लेकर हमने कई बार धरना दिया, लेकिन कुछ नहीं हुआ। सांसद और विधायक से इसके निर्माण को पूरा कराए जाने के लिए मांग की, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Below Post Ad

Comedy Movies

5/vgrid/खबरे