अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा असंगठित क्षेत्र के लाखों कामगारों के लिए श्रम योगी मानधन पेंशन योजना का शुभारंभ आज गुजरात से किया गया । ठीक उसी समय पर प्रदेश के सभी जनपदों में भी योजना का शुभारंभ स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा जिला प्रशासन द्वारा कराया गया ।
जनपद बलरामपुर कलेक्ट्रेट सभागार में आज मुख्य अतिथि सांसद श्रावस्ती दद्दन मिश्र तथा विशिष्ट अतिथि विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला ने प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना का शुभारंभ लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर किया । प्रधानमंत्री द्वारा रिमोट से योजना का शुभारंभ गुजरात में किया गया । ठीक उसी समय वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सभी जनपदों में शुभारंभ कराया गया ।
जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना ऐसे कामगारों के लिए है जिनकी आय ₹15 हजार से कम है और वह सरकारी पेंशन योजना का लाभ नहीं बन सकते हैं । ऐसे कामगारों का मामूली अंशदान लेकर 60 वर्ष की आयु पूरा होने पर तीन हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन दिए जाने का प्रावधान इस योजना के तहत किया गया है । मुख्य अतिथि सांसद दद्दन मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि यह योजना असंगठित क्षेत्र के लाखों श्रमिकों के लिए वरदान साबित होगी ।
ऐसे श्रमिकों का भविष्य जब कार्य नहीं कर पाते थे तो अंधकार में हो जाता था और उन्हें दूसरों पर आश्रित रहना पड़ता था । अब जब उनकी उम्र 60 वर्ष हो जाएगी तो उन्हें भी तीन हजार रुपए प्रतिमाह पेंशन मिलता रहेगा जिससे वह दूसरे पर आश्रित नहीं होंगे ।विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने कहा कि यह योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाई गई निचले तबके के तमाम कामगारों के लिए वरदान साबित होगी और इससे बड़ी संख्या में श्रमिकों को फायदा होगा ।
अपर जिला अधिकारी अरुण कुमार शुक्ला ने बताया कि इस योजना के तहत 18 से 40 वर्ष के बीच वाले वे कामगार पात्र होंगे जिनकी मासिक आय ₹15 हजार से कम है । इस योजना में आंगनबाड़ी कार्यकत्री, आशा बहू व रसोईया जैसे तमाम मानदेय पर कार्य करने वाले कर्मचारी भी पात्र होंगे । असंगठित क्षेत्र के कामगार जो बिल्डिंग कार्य, ठेला, खोन्चा तथा मकैनिक जैसे कार्यों में लगे हुए हैं उन्हें अपने आयु के अनुसार ₹50 से ₹200 तक का प्रतिमाह अंश दान देकर इस योजना का लाभ मिलेगा । 18 वर्ष आयु वाले कामगार को ₹50 प्रतिमाह अंशदान देना होगा ।
इसी प्रकार बढ़ती उम्र के साथ अंशदान भी बढ़ता जाएगा और अधिकतम अंशदान ₹200 का होगा । 60 वर्ष पूरा होने पर तीन हजार रुपये प्रतिमाह उन्हें पेंशन प्रदान किया जाएगा । कार्यक्रम के दौरान श्रम विभाग की ओर से केंद्रीय नोडल अधिकारी जितेंद्र कुमार वर्मा, श्रम प्रवर्तन अधिकारी वेद प्रकाश चौधरी, भाजपा जिला महामंत्री अजय सिंह पिंकू, सदर विधायक प्रतिनिधि पवन कुमार शुक्ला, मीडिया प्रभारी डीपी सिंह, मंत्री वरुण सिंह मोनू, आकाश पांडे, पंकज मिश्रा, विनय मिश्रा तथा छोटु शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री व आशा बहू मौजूद थी ।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ