बैंकों की सुरक्षा की ली टोह, दी सख्त हिदायत
पुलिस या डायल 100 को दें संदिग्ध व्यक्तियों की तत्काल सूचना : सुनील यादव
ए. आर. उस्मानी / सुरेश तिवारी
गोण्डा। मोतीगंंज क्षेत्र अंतर्गत कहोबा चौराहे पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक पर आज पुलिस ने गहन जांच पड़ताल की तथा बैंक में मौजूद कर्मचारियों को हिदायत दी कि बैंक खुलने से लेकर बंद होने तक किसी भी अंजान व्यक्ति को कतई अंदर न आने दें।
पुलिस टीम ने वहां पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की और हिदायत देते हुए कहा कि रूपये निकालने के बाद कहीं भी बेवजह न रूकें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति नजर आए तो तत्काल इसकी सूचना कहोबा चौकी, थाने की पुलिस या डायल 100 को देें।
मंगलवार को मोतीगंज थाने के उपनिरीक्षक सुनील कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम कहोबा पहुंची और यहां पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक का निरीक्षण किया। बैंक कर्मियों से आवश्यक जानकारी लेने के बाद पुलिस ने उन्हें सुरक्षा को लेकर सख्त हिदायत भी दी। एस. आई. श्री यादव ने कहा कि बैंक में अथवा उसके आसपास यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति नजर आए तो इसकी सूचना तत्काल कहोबा चौकी प्रभारी या मोतीगंज थानाध्यक्ष को दें।
इसके साथ ही डायल 100 को भी सूचना दी जा सकती है जिससे वह भी तत्काल मौके पर पहुंच सकती है। उन्होंने कहा कि बैंक में किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक रूप से कतई न बैठाया जाय। यदि कोई मना करने के बाद भी बाहर न जाए तो स्थानीय पुलिस को सूचित करें और अराजकतत्वों पर कड़ी नजर रखें। उन्होंने कहा कि ऐसा देखने को मिलता है कि कुछ गलत लोग दूसरों का एटीएम बदलकर धोखाधड़ी करके लोगों के अकाउंट से पैसे निकाल लेते हैं। इसका पता खाताधारक को तब होता है, जब उसके मोबाइल पर रूपये निकलने का मैसेज आता है। तब वह सर पकड़ कर बैठ जाता है। इसलिए बैंक में आने जाने वाले हर व्यक्ति पर नजर रखी जानी चाहिए।
उपनिरीक्षक श्री यादव ने बैंक में मौजूद लोगों से भी गहन पूछताछ की। इसके बाद पुलिस टीम जब बाहर निकली तो वहां पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की और सख्त चेतावनी दी कि बगैर किसी बैंकिंग काम के यहां कतई न खड़े हों अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों को बताया कि संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखें और इसकी सूचना तत्काल पुलिस अथवा डायल 100 को दें। उन्होंने सावधान करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति बार बार एटीएम के अंदर आता जाता है तो उस पर जरूर नजर रखें। इस तरह की हरकत करने वाले एटीएम हैकर हो सकते हैं।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ