गोंडा के मनकापुर में पूर्व चेयरमैन का निधन, लंबे समय से बीमार चल रहे प्रतिष्ठित व्यवसायी कृष्ण कुमार उर्फ बब्बू गुप्ता का निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन।
उत्तर प्रदेश के गोंडा में प्रतिष्ठित व्यवसायी व पूर्व नगर अध्यक्ष कृष्ण कुमार गुप्ता उर्फ बब्बू का लंबी बीमारी के बाद अस्पताल में निधन हो गया। जिससे मनकापुर के व्यवसायियों में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मनकापुर कस्बे के मोहल्ला सुभाष नगर के रहने वाले 86 वर्षीय पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष बब्बू गुप्ता लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनका दिल्ली से इलाज चल रहा था। जहां से मनकापुर लाया गया था। 2 दिन पहले स्थिति गंभीर होने पर तत्काल जिला मुख्यालय स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां दोपहर बाद उनका निधन हो गया।
पूर्व चेयरमैन थे बब्बू गुप्ता
वर्ष 1991 में उप चेयरमैन रहने के दौरान तत्कालीन चेयरमैन डॉ विनय सिंह का निधन हो गया था। इसके बाद उप चेयरमैन बब्बू गुप्ता को नगर पंचायत अध्यक्ष के पद पर मनोनीत किया गया था। इसके बाद नगर पंचायत अध्यक्ष का पद चुनाव के उपरांत पुनः बब्बू गुप्ता के परिवार में रहा।
प्रतिष्ठित व्यवसायी में शुमार
कृष्ण कुमार उर्फ बब्बू गुप्ता मनकापुर के प्रतिष्ठित व्यवसायी में अपना अहम स्थान रखते थे, आपके पास एक नामी बिस्कुट एजेंसी के साथ कई अन्य प्रकार के एजेंसियां थी। जिसका मनकापुर बाजार के साथ-साथ अन्य बाजारों में भी कारोबार होता था। बब्बू गुप्ता का धार्मिक व शैक्षणिक संस्थानों में अहम भूमिका रही है। वह नगर के धार्मिक व शैक्षणिक संस्थानों में भी अध्यक्ष के पद पर आसीन रहे हैं।
अयोध्या में होगा अंतिम संस्कार
बब्बू गुप्ता के पुत्र पूर्व नगर अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि, मंगलवार के 10:00 मनकापुर से अयोध्या के लिए उनके पिता की शव यात्रा अंतिम संस्कार के लिए प्रस्थान करेगी। जहां उन्हें पंचतत्व में विलीन किया जाएगा।
कस्बे में शोक की लहर
प्रतिष्ठित व्यवसायी के निधन से मनकापुर कस्बे के व्यवसायी व कारोबारी में शोक की लहर है, तमाम दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों को बंद कर शोक व्यक्त किया है।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ