सुलतानपुर।मुख्य विकास अधिकारी रामयज्ञ मिश्र ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि सभी अधिकारी स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम को पूरी गम्भीरता से लेते हुये सरकार की मंशानुसार कार्य कर जिले का 02 अक्टूबर 2018 तक ओ.डी.एफ. बनायें। उन्होंने बैठक में भाग न लेने तथा निरीक्षण आख्या न प्रस्तुत करने पर 23 अधिकारियों का एक दिन का वेतन वाधित करने के निर्देश दिये। मुख्य विकास अधिकारी आज कलेक्ट्रेट में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण )के अर्न्तगत जनपद को ओ.डी.एफ. बनाने के सम्बन्ध में एक बैठक को सम्बोधित कर रहे थे।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जिले के 276 ग्रामों को 101 अधिकारियों द्वारा खुले में शौच से मुक्त कराने हेतु गोंद लिया गया है। अक्टूबर 2017 माह में 102 गांव को खुले में शौच से मुक्त कराने का लक्ष्य है। इस सम्बन्ध में मुख्य विकास अधिकारी ने बिन्दुवार कार्यक्रम की समीक्षा की। समीक्षा में 23 अधिकारी ऐसे थे, जिनकी न तो रिर्पोट प्राप्त हुई और न ही वे बैठक में उपस्थित थे। मुख्य विकास अधिकारी ने इन सभी अधिकारियों का एक दिन का वेतन वाधित करने के निर्देश दिये। अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों में अधिशाषी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग (प्रान्तीय खण्ड), सहायक अभियन्ता लोक निर्माण विभाग (प्रान्तीय खण्ड), महाप्रबन्धक जिला उद्योग केन्द्र, अपर जिला कृषि अधिकारी, जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी , जिला सेवा योजन अधिकारी, चकबन्दी अधिकारी , अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, प्रभारी अधिकारी नेडा आदि हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी सम्बन्धित जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि वे अपने पास सम्बन्धित ब्लाक के बी.डी.ओ. , वी.सी., ए.डी.ओ. (पंचायत) तथा वार रूम का नम्बर रखें और जब वे गांव में भ्रमण पर जायें तो इन अधिकारियों को पूर्व में सूचित करें। इसी प्रकार खण्ड विकास अधिकारी, वी.सी., ए.डी.ओ. (पंचायत) अपने ब्लाक से सम्बन्धित जिला स्तरीय अधिकारी का नम्बर रखेंगे और उन्हें चेकलिस्ट उपलब्ध करायेंगे तथा कार्यक्रम का फालोअप करेंगे। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सभी जिला स्तरीय अधिकारी प्रत्येक तीसरे दिन सम्बन्धित गांव का भ्रमण करेंगे। एक गांव में सुबह तथा दूसरे गांव में सायं भ्रमण कर सुनिश्चित करेंगे कि गांव में क्या क्या कार्य हो रहा है। इस सम्बन्ध में अपने निरीक्षण आख्या में रिर्पोट प्रस्तुत करेंगे। सभी जिला स्तरीय अधिकारी अपने ग्राम से सम्बन्धित ग्राम प्रधान का भी नम्बर रखेंगे तथा उनका भी भ्रमण के समय सहयोग लेंगे। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि ग्राम स्तरीय सभी कर्मी यथा - लेखापाल, अमीन आदि स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम में अपना सहयोग दें। उन्होंने कहा कि जो ए.डी.ओ. (पंचायत) कार्यक्रम को गम्भीरता से नहीं लेंगे तथा प्रगति में सुधार नहीं लायेंगे, उन्हें सम्बद्ध करते हुये दूसरे सीनियर कर्मी को चार्ज दे दिया जायेगा। सी.डी.ओ. ने शिथिलता बरतने पर ए.डी.ओ. पंचायत कूरेभार को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिये।