ललितपुर के मड़ावरा में छोटी बहन बड़ी बहन की बनी जानी दुश्मन, दोनों बहनों के बीच खूनी संघर्ष, कुल्हाड़ी से मार कर बड़ी बहन की हत्या, छोटी बहन भी गंभीर।
उत्तर प्रदेश के ललितपुर में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। दोनों बहनों के बीच हुए खूनी संघर्ष में गंभीर चोट लगने से बड़ी बहन की मौत हो गई है। वही छोटी बहन गंभीर रूप से घायल है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक शनिवार के दोपहर बाद मड़ावरा थाना क्षेत्र के पिसनारी गांव में रहने वाली 25 वर्षीय शिखा और 21 वर्षीय मोनिका के बीच खेती के काम के दौरान मामूली विवाद हो गया, जिसमें दोनों बहने उग्र हो गई। दोनों बहनों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। दोनों ने एक दूसरे पर कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया, जिससे बड़ी बहन की मौके पर ही मौत हो गई, वही छोटी बहन लहूलुहान होकर बेहोश हो गई। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मूंगफली विवाद की जड़
बताया जाता है कि मूंगफली की बुवाई के लिए मूंगफली को तोड़कर दाने को निकालना था, अनुमान लगाया जा रहा है कि मूंगफली तोड़ने में किसी ने रुचि नहीं दिखाई होगी, इसी बात को लेकर दोनों में विवाद शुरू हुआ होगा, जो खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया, और दोनों बहने एक दूसरे की जानी दुश्मन बन गई।
खेत में दोनों बेहोश
लंबे अंतराल के बाद शिखा और मोनिका खेत से वापस नहीं लौटी, तब दोनों पोतियों की दादी को चिंता सताने लगी, उनसे रह ना गया, वह दोनों को बुलाने खुद खेत में चली गई। लेकिन खेत का नजारा देखा तो दादी के पांव तले जमीन खिसक गई। शिखा और मोनिका खेत में बेहोशी के स्थिति में पड़ी हुई थी। खेत से ही दादी ने हल्ला गुहार मचाना शुरू कर दिया, जिससे गांव और परिवार के लोग दौड़कर खेत में पहुंच गए। गंभीर दशा में दोनों बहनों को मड़ावरा सीएचसी पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने बताया कि शिखा की पहले ही मौत हो चुकी है। वही मोनिका को प्राथमिक उपचार देकर जिला मुख्यालय के लिए रेफर कर दिया।
मानसिक रूप से परेशान रहती थी शिखा
मृतका के चाचा लक्ष्मण के मुताबिक शिखा विवाहित थी, मदनपुर थाना क्षेत्र के अमोघा में उसका विवाह हुआ था, लगभग डेढ़ महीने पहले बीमारी के कारण उसके पति की मौत हो गई है। तब से वह अपने बेटे को लेकर मायके में रह रही थी। पति के मौत के कारण उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी।
परिजनों में कोहराम
शिखा की मौत और मोनिका की स्थिति से परिजनों में कोहराम मच गया, मृतका की दादी शिखा के मासूम बेटे को चिपका चिपका कर रोती रही, वही मामले की जानकारी से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। लोग कह रहे थे कि दोनों बहनों में बहुत सामंजस्य था, इस प्रकार के घटना की किसी ने कभी कल्पना ही नहीं की थी।
पुलिस कार्रवाई
मामले में ललितपुर पुलिस ने X के ऑफिशियल अकाउंट पर जानकारी देते हुए बताया कि मड़ावरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतका के शव को कब्जे में ले लिया है। घायल युवती को उपचार के लिए भेजा गया है, आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ