अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर में भारत नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल नवीं वाहिनी मुख्यालय पर शुक्रवार को खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित किया गया ।
24 अप्रैल को मनोरंजन कुमार पाण्डेय कमांडेंट की उपस्थिति में खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वाहिनी के परेड ग्राउंड में किया गया, जिसमें बल कर्मियों ने बढ़-चढ़कर उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में ‘ए’ एवं ‘बी’ समवाय के बल कर्मियों के मध्य रोमांचक वॉलीबॉल मैच खेला गया । दोनों टीमों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, समन्वय एवं टीम भावना का परिचय दिया। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ शानदार प्रदर्शन किया, जिससे उपस्थित दर्शकों में भी उत्साह का माहौल बना रहा। इसके अतिरिक्त, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों के मध्य टेबल टेनिस प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी तकनीकी दक्षता एवं एकाग्रता का परिचय देते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया।
खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान कमांडेंट महोदय ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देते हैं, बल्कि बलकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य, टीम वर्क एवं आपसी समन्वय को भी सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के नियमित आयोजन पर बल दिया।
कार्यक्रम का समापन खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन एवं खेल भावना की सराहना के साथ किया गया। यह आयोजन वाहिनी में सकारात्मक ऊर्जा, अनुशासन एवं एकजुटता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ