गणपति बप्पा मोरया के नारों से गूंजा पूरा वातावरण
अखिलेश तिवारी
बलरामपुर । जनपद के तीनों तहसील में कई स्थानों पर भगवान गणेश जी के पूजा अर्चना गणेश चतुर्थी के अवसर पर शुरू की गई जिसका विसर्जन आज संपन्न हुआ । विसर्जन के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी और पूरे हर्षोल्लास के साथ गाजे बाजे के बीच निकाली गई शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गो से होती हुई राप्ती नदी पर जाकर समाप्त हुई । जहां पर मूर्तियों का विसर्जन किया गया ।
जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र की तर्ज पर अब बलरामपुर जिले के विभिन्न स्थानों पर गणपति पूजा का आयोजन किया जा रहा है । कई स्थानों पर भव्य मूर्तियां स्थापित की गई । मूर्तियों का विसर्जन पचपेड़वा में बड़े ही धूमधाम से सोमवार को किया गया । वही जिला मुख्यालय पर मंगलवार को विसर्जन किया गया । गड़पति पूजा समन्वय समिति के अध्यक्ष अविनाश मिश्र ने बताया कि जिले में पहली बार दुर्गा पूजा के तर्ज पर गणेश पूजन महोत्सव का आयोजन किया गया । आयोजन से पूर्व गणपत पूजा महोत्सव समिति बनाई गई और आयोजकों से अपील किया गया कि समिति के सुझाव अनुसार कार्यक्रम संपन्न कराएं । मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर स्थापित की गई मूर्तियों को वीर विनय चौराहे पर एकत्रित किया गया । वीरविनाय चौराहे पर गणपत पूजा समिति द्वारा बनाए गए पंडाल पर कार्यक्रम आयोजित हुआ । आयोजक समितियों को धन्यवाद देने के बाद मुख्य अतिथि जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने शोभा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया । शोभा यात्रा वीर विनय चौराहे से प्रारंभ होकर पुराना चौक गर्ल्स कॉलेज बलुहा होते हुए बड़ापुल चौराहा, सिटी पैलेस, मेजर चौराहा से तुलसीपुर मार्ग पर पहुंची और आगे बौद्ध परिपथ पर होते हुए राप्ती नदी के सिसई घाट पर जाकर समाप्त हुई । सिसई घाट पर ही पर पूजन व आरती के बाद मूर्तियों को जल में प्रवाहित किया गया । शोभा यात्रा के दौरान सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे । इस यात्रा में आयोजकों के साथ-साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित हुए डीजे की धुन पर थिरकते हुए युवक-युवतियां गणपति बप्पा मोरया अगले बरस तू जल्दी आना के नारे लगा रहे थे । नाचते गाते हुए सभी श्रद्धालुओं ने अश्रुपूर्ण नैनों से गणपति बप्पा को विदा किया । कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार, विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला, भाजपा नेत्री कुसुम चौहान, व्यापार मंडल के रमेश पाहवा, सांसद श्रावस्ती के प्रतिनिधि छोटू शुक्ला व उदासीन संगत गेल्हापुर के महंत वृजानन्द के अलावा नगर के तमाम गणमान्य नागरिक जनप्रतिनिधि व श्रद्धालु मौजूद रहे ।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ