Type Here to Get Search Results !

Bottom Ad

अमेठी :डीएम व एसपी ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को दी श्रद्धांजलि।

अलीम खान 

अमेठी  आज बसंत पंचमी के अवसर पर महाराजा सुहेलदेव जयंती समारोह का आयोजन जनपद में पूरी भव्यता के साथ किया गया। इस हेतु जनपद के महत्वपूर्ण शहीद स्थलों/स्मारकों पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किये गए। जिलाधिकारी अरुण कुमार व पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह ने विकासखंड गौरीगंज के परिसर में शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीदो को नमन किया एवं श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय गौरीगंज के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।


महाराजा सुहेलदेव जयंती समारोह को लेकर आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने जनपद अमेठी के 18 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। महाराजा सुहेलदेव जयंती समारोह को भव्यता के साथ मनाया जाने को लेकर इन आयोजन स्थलों की गरिमापूर्ण सजावट कराते हुए प्रातः 09ः30 बजे तक एन0एस0एस0, एन0सी0सी0, सिविल डिफेंस, स्काउट गाइड, समाजसेवी संस्थाओं आदि के वाॅलेंटियर्स, गणमान्य नागरिक एवं विद्यालयों के बच्चों के साथ जनपद के समस्त अधिकारियों की उपस्थिति में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इसके साथ ही समस्त शहीद स्थलों/स्मारकों पर प्रातः 10ः00 बजे जनपद के जनप्रतिनिधि एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन भी उपस्थित रहे। इसके पश्चात पूर्वाह्न 11ः00 बजे चित्तौरा, बहराइच से मा0 प्रधानमंत्री जी ने महाराजा सुहेलदेव जी के स्मारक का शिलान्यास किया, जिसका सजीव प्रसारण वेबलिंक के माध्यम से सभी जनपदों में दिखाया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से महाराजा सुहेलदेव जी के शौर्य एवं बलिदान पर आधारित ‘‘गौरवगीत’’ के गायन एवं चलचित्र के साथ मा0 प्रधानमंत्री एवं मा0 मुख्यमंत्री का वर्चुअल उद्बोधन एवं आर्शीवचन भी प्रस्तुत किये गए, जिसका सीधा प्रसारण जनपद के समस्त शहीद स्मारकों पर एलईडी के माध्यम से दिखाया गया। कार्यक्रम में बताया गया कि भारतवर्ष के इतिहास में मध्यकाल 11वीं शती में उत्तर प्रदेश के बहराइच में महाराज सुहेलदेव एक प्रतापी राजा हुये, जिन्होंने विदेशी आक्रान्ताओं से भारतीय संस्कृति एवं विरासत की रक्षा की। महाराजा सुहेलदेव जी का शौर्य एवं पराक्रम वर्तमान पीढ़ी के लिए एक गौरवशाली उदाहरण है। विदेशी आक्रान्ताओं से मुकाबला करने के लिए 21 राज्यों का संगठन बनाकर कुशल रणनीति के रुप में विशिष्ट युद्धकला के माध्यम से महाराजा सुहेलदेव जी ने विजय प्राप्त की। विश्व के इतिहास में एक महत्वपूर्ण संगठनकर्ता के रुप में महाराजा सुहेलदेव जी का यह कार्य एक प्रेरणास्रोत है। महाराजा सुहेलदेव जी ने देश की राजनीतिक एवं सांस्कृतिक सुरक्षा के साथ-साथ जल संरक्षण, गौ-संरक्षण एवं जन कल्याण की दिशा अनेक कार्य किये, जिससे आमजनमानस को अत्यन्त लाभ हुआ। महाराजा सुहेलदेव जी के शौर्य एवं बलिदान पर अनेक घटनाएं, जनश्रुतियों, लोकगीतों एवं वाचिक परम्परा में विद्यमान हैं, जिन पर विशिष्ट शोध की आवश्यकता है। सजीव प्रसारण में मा0 मुख्यमंत्री जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज ज्ञान की देवी मा0 सरस्वती का पावन दिवस है, साथ ही आज विदेशी आक्रान्ताओं इस धरती को पूरी तरह सुरक्षित करने के लिए अपना शौर्य एवं पराक्रम का प्रदर्शन इस धरती पर करने वाले धर्मरक्षक, राष्ट्रनायक महाराजा सुहेलदेव की पावन जयंती का कार्यक्रम भी है। साथ ही आज मा0 प्रधानमंत्री जी के द्वारा महाराजा सुहेलदेव जी के भव्य स्मारक का शिलान्यास एवं इस क्षेत्र में महाराजा सुहेलदेव जी के नाम पर मेडिकल काॅलेज का उद्घाटन भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमें महाराजा सुहेलदेव जी के जीवनमूल्यों से प्रेरणा लेने की आवश्यता है। मा0 प्रधानमंत्री जी के द्वारा वर्ष 2012 में महाराजा सुहेलदेव जी के नाम पर डाकटिकट को परिचालन में लाया गया था। मा0 प्रधानमंत्री जी ने सबका साथ, सबका विकास और सबके विश्वास की जो बात कही है, उस पर उत्तर प्रदेश सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए समाज के प्रत्येक तबके को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने तथा सुरक्षा और सम्मान का भाव पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इतिहास के महानायकों के प्रति भी पूरी श्रद्धा और सम्मान का भाव व्यक्त करते हुए जहां कहीं भी उनके स्मारक और उनकी स्मृतियां होंगी, उनकी स्थापना के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। एसपी ने अपने सम्बोधन में कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा देश के महान विभूतियों की जयंती मनायी जा रही है, यह अत्यधिक गौरवपूर्ण बात है। हमें इन महानुभावों के आदर्शों एवं पे्ररणास्रोतों का अनुसरण करना चाहिए। देश में ऐतिहासिक महापुरुषों की प्रतिमाओं की स्थापना का मुख्य उद्देश्य वर्तमान पीढ़ियों के भारत के गौरवशाली इतिहास का स्मरण कराना है। उक्त के अतिरिक्त अन्य अधिकारियों ने भी महाराजा सुहेलदेव जी के व्यक्तित्व पर अपने-अपने विचार प्रकट किये। महाराजा सुहेलदेव जी की जयंती के अवसर पर माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा शहीद स्थलों/स्मारकों पर महाराजा सुहेलदेव जी के शौर्य एवं बलिदान, भारत के गौरवशाली इतिहास की महान विभूतियों, स्वंतंत्रता संग्राम के नायकों, प्राचीन, मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास तथा स्वतंत्रता संग्राम पर आधारित कार्यक्रम भी आयोजित किये गए। इसके अलावा जनपद के शहीद स्थलों/स्मारकों पर सायं 5ः00 बजे से सायं 6ः00 बजे तक पुलिस बैण्ड द्वारा राष्ट्रधुन एवं राष्ट्रभक्ति गीतों पर बैण्डवादन किया जाएगा तथा सायं 6ः30 बजे से दीप प्रज्वलन एवं रंगीन प्रकाश से शहीद स्मारकों को प्रकाशमान किया जाएगा। आज आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालय की छात्र-छात्राओं द्वारा देश भक्ति के गीत व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ अंकुर लाठर ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर रमेश सिंह ने किया। इस दौरान जिला विकास अधिकारी प्रदीप कुमार पांडे, परियोजना निदेशक आशुतोष दुबे, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद गौरीगंज, खंड विकास अधिकारी गौरीगंज सहित अन्य अधिकारी, छात्र-छात्राएं सहित अन्य संबंधित मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad



 

Below Post Ad

5/vgrid/खबरे