खुर्शीद खां
सुलतानपुर।प्रदेश के आबकारी एवं मद्य निषेध मंत्री जनपद प्रभारी मंत्री जय प्रताप सिंह ने कहा कि पंडित जी की चिन्ता थी कि जब तक गांव में रहने वाले अन्तिम व्यक्ति का विकास नहीं होगा हमारा राष्ट्र समृद्धि नहीं होगा। पंडित जी के विचार को पूरा करने का लक्ष्य हमारी केन्द्र व प्रदेश सरकार का है। प्रभारी मंत्री आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी वर्ष के अन्तर्गत सूचना विभाग द्वारा पंडित रामनरेश त्रिपाठी सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय तीन दिवसीय अन्त्योदय मेला एवं प्रदर्शनी के समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। प्रभारी मंत्री ने समारोह को सम्बोधित करते हुये कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी वर्ष पूरे देश में मनाया जा रहा है तथा जिला स्तर से लेकर ब्लाक स्तर तक विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित कर पंडित जी के आदर्शों को जन -जन तक पहुंचाने की सरकार द्वारा पहल की गयी है। पंडित जी का सपना था कि जब तक गांव का गरीब व्यक्ति आत्मनिर्भर व समृद्धि नहीं होगा हमारे प्रदेश व राष्ट्र का समग्र विकास सम्भव नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार सबका साथ सबका विकास दृष्टिकोण अपनाते हुये निर्बल वर्ग के व्यक्तियों का आर्थिक स्तर ऊपर उठाने का प्रयास कर रही है। प्रभारी मंत्री ने सूचना विभाग द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के व्यक्तित्व व कृतित्व पर आधारित चित्र प्रदर्शनी की सराहना करते हुये कहा कि पंडित जी के आदर्शों तथा समाज सुधार के लिये किये गये कार्यों को बहुत ही प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने कहा कि ब्लाक स्तर से लेकर जिला स्तर तक आयोजित इस प्रदर्शनी का अधिक से अधिक लोगो ने लाभ उठाया होगा। उन्होंने बाल विकास, भूमि संरक्षण, ग्राम्य विकास द्वारा प्रदशर्नियों की भी सराहना की प्रदर्शनी में प्रस्तुत प्रधानमंत्री आवास योजना का मॉडल आर्कषण का केन्द्र रहा। उन्होंने विद्यालयों के बच्चों द्वारा बनायी गयी रंगोली को देखा तथा सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने सभी का आवाहन् किया कि हम स्वच्छता के प्रति जागरूक रहें तथा दूसरों को भी जागरूक करें। उन्होंने कहा कि हम सभी के सहयोग से हमारा राष्ट्र एक शसक्त एवं मजबूत राष्ट्र बन सकेगा।
कूरेभार ब्लॉक मेला वा प्रदर्शनी आयोजित करने में अव्वल रहा
अन्त्योदय मेला एवं प्रदर्शनी में सूचना विभाग की प्रदर्शनी प्रथम, भूमि संरक्षण की द्वितीय व बाल विकास की प्रदर्शनी तीसरे स्थान पर रही। प्रभारी मंत्री ने क्रमशः जिला सूचना अधिकारी , भूमि संरक्षण अधिकारी व जिला कार्यक्रम अधिकारी को शील्ड तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसी प्रकार ब्लाक स्तरीय अन्त्योदय मेला एवं प्रदर्शनी आयोजित करने में ब्लाक कूरेभार प्रथम, बल्दीराय ब्लाक द्वितीय व धनपतगंज ब्लाक तृतीय स्थान पर रहा। प्रभारी मंत्री ने इन तीनों खण्ड विकास अधिकारियों को शील्ड व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के 10 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का प्रमाण-पत्र वितरित किया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री , जिलाधिकारी हरेन्द्रवीर सिंह , पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी रामयज्ञ मिश्र , जिला विकास अधिकारी डॉ. डी.आर. विश्वकर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष जगजीत सिंह, विधायक सुलतानपुर सूर्यभान सिंह, विधायक सदर सीताराम वर्मा, विधायक कादीपुर राजेश गौतम, महामंत्री कृपा शंकर मिश्र को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ