सुनील गिरी
हापुड। गुरूवार को मोनाड वि०वि० के कृषि विभाग द्वारा एक ‘‘कृषि क्षेत्र में नियोजन व प्रशिक्षण’’ विषयक एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसे सम्बोधित करते हुए विभागाध्यक्ष डॉ० प्रताप सिंह ने कहा कि इस क्षेत्र में रोजगार की व्यापक और असीम संभावनायें हैं आज भी देश की लगभग साठ प्रतिशत आबादी कृषि पर निर्भर करती है। विगत वर्षों में कृषि विकास दर में भी वृद्धि हुई है। भारत सरकार भी कृषि क्षेत्र के विकास के लिए निरन्तर प्रयासरत है। कृषि विज्ञान का अध्ययन कर रहे छात्रों के लिये यह सुनहरा अवसर है।
कार्यशाला में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर रहे एग्री कैरियर के युवराज मनीष ने कहा कि कृषि के क्षेत्र में निरन्तर हो रहे प्रयोग ने कृषि को उन्नत बनाया है और इसमें कृषि विज्ञान का विशेष योगदान रहा है। कृषि विज्ञान का अध्ययन कर रहे छात्रों को अगर विषय का ज्ञान है तो रोजगार की कोई कमी नहीं है।
कार्यशाला का शुभारम्भ माँ सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि से हुआ। कार्यक्रम का संचालन डॉ० पायल भारद्वाज व धन्यवाद ज्ञापन विभागीय शिक्षक राजीव कुमार ने ज्ञापित किया। कार्यक्रम में श्रवण कुमार, टी.पी.ओ. निदेशक विकास त्यागी, डॉ० आर०बी० सिंह आदि शिक्षकों सहित बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ