अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर जिला मुख्यालय के डिवाइन पब्लिक स्कूल में बुधवार को शिक्षा के साथ खेल भावना का संगम देखने को मिला । विद्यालय में रोमांचक मैत्री क्रिकेट मैच आयोजित किया गया ।
18 फरवरी को नगर में संचालित अंग्रेजी माध्यम विद्यालय डिवाइन पब्लिक स्कूल में कक्षा सात एवं कक्षा आठ के विद्यार्थियों के मध्य एक उत्साहपूर्ण एवं रोमांचक मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। विद्यालय प्रबंधन द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं टीम वर्क की भावना को विकसित करना था। मैच का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक द्वारा दोनों टीमों के कप्तानों के साथ टॉस कराकर किया गया। कक्षा 8 टीम के कप्तान ऋतिक वर्मा एवं कक्षा 7 टीम के कप्तान विहार्ष श्रीवास्तव ने अपनी-अपनी टीम का नेतृत्व किया। टॉस में कक्षा 8 के कप्तान ऋतिक वर्मा ने विजय प्राप्त कर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। दोनों टीमों के बीच 11–11 ओवर का मुकाबला खेला गया। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार बल्लेबाजी, सटीक गेंदबाजी एवं बेहतरीन क्षेत्ररक्षण का प्रदर्शन किया। प्रत्येक रन पर दर्शकों में उत्साह देखने को मिला। दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण बना रहा। अंत तक मुकाबला अत्यंत रोमांचक रहा और अंततः मैच बराबरी पर समाप्त हुआ, जिससे दोनों टीमों के खिलाड़ियों में आत्मविश्वास और खेल भावना और अधिक प्रबल हुई। विद्यालय प्रबंधन का स्पष्ट मत है कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों का शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास भी समान रूप से आवश्यक है। एक स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है, और जब स्वास्थ्य उत्तम होता है तभी शिक्षा का वास्तविक लाभ प्राप्त होता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में विभिन्न कक्षाओं के लिए क्रिकेट, कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो सहित विभिन्न खेलों की अलग-अलग टीमें तैयार की जा रही हैं, ताकि भविष्य में नगर अथवा अन्य स्थानों पर आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों को सहभागिता का अवसर मिल सके और वे विद्यालय का नाम रोशन कर सकें।
विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि विद्यालय में छात्राओं की भी एक क्रिकेट टीम तैयार की जा रही है। आगामी महिला दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष क्रिकेट प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं की टीम भी सहभागिता करेगी। इससे छात्राओं में आत्मविश्वास एवं खेल के प्रति उत्साह का विकास होगा। डिवाइन पब्लिक स्कूल सदैव शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता के साथ-साथ खेल एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी अग्रणी रहा है। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है, ताकि वे भविष्य में शारीरिक, बौद्धिक एवं नैतिक रूप से सशक्त नागरिक बने।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ