शिवेश शुक्ला
प्रतापगढ़। जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के मंगापुर बाजार मे बीती रविवार की रात बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने अंग्रेजी शराब के सेल्समैन से पचीस हजार की छिनैती की घटना मे तीसरे दिन मंगलवार को भी पुलिस को कामयाबी हासिल नहीं हो सकी। यहां तक कि उदयपुर पुलिस पीडित बुद्धसेन की तहरीर मिलने के बावजूद भी अभी तक मुकदमा तक दर्ज करने की जहमत नहीं उठा सकी है। घटना को लेकर मंगापुर बाजार मे व्यापारियों तथा आम लोगों के बीच तनाव का माहौल देखा जा रहा है। जबकि तीन माह पूर्व ही अठेहा बाजार मे भी शराब की दुकान के सेल्समैन रामसिंह से तमंचे की नोंक पर अड़तीस हजार रूपये की बेखौफ लूट की वारदात को बदमाशों ने अंजाम दिया था। लूट की उस वारदात का भी पुलिस आज तक राजफास नहीं कर सकी। बेखौफ बदमाशों द्वारा तीन महीेने के अंतराल पर लूट व छिनैती की दो-दो वारदातो को अंजाम दिया गया। किंतु पुलिस जांच के नाम पर इन घटनाओं से मुंह मोडे हुये है। पुलिस की लापरवाही को लेकर जहां बदमाशों का हौसला दिनोदिन बढ़ता जा रहा है वहीं मंगापुर अठेहा इलाके मे लोगो मे भय का भी माहौल साफ देखा जा रहा है। पुलिस की लापरवाही को लेकर लोगों का कभी भी उदयपुर पुलिस के खिलाफ गुस्सा भी फूट सकता है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ