प्रतापगढ़। वित्तविहीन माध्यमिक शिक्षको की मानदेय समेत विभिन्न मांगो को लेकर गुरूवार को लालगंज पहुंची रैली मे शिक्षको का भारी हुजूम उमड़ा नजर आया। जिले की सीमा के कालाकांकर संग्रामगढ़ रामपुर बावली बेलहा होते हुए वित्तविहीन शिक्षको की सीएम निंदा यात्रा शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी व एमएलसी संजय मिश्र की अगुवाई मे स्थानीय रोडवेज बस स्टेशन के समीप विशाल विरोध प्रदर्शन सभा मे तब्दील हो उठी दिखी।
| माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा की रैली को संबोधित करते वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी व मंचासीन एमएलसी उमेश तथा संजय मिश्र व पूर्व एमपी राजकुमारी रत्ना |
प्रदेश व्यापी वित्तविहीन शिक्षको के प्रदेश व्यापी आंदोलन को गुरूवार को नई धार तब मिली जब वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने शिक्षक महासभा रैली मे कांग्रेस की ओर से वित्तविहीन माध्यमिक शिक्षको के आंदोलन तथा मानदेय व वेतन को लेकर कांग्रेस पार्टी के समर्थन का ऐलान किया।
माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा के बैनरतले आयोजित विशाल सभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि जो समाज अपने गुरूओं और शिक्षको का आदर नहीं किया करते उसे सभ्य समाज कहलाने का कतई हक नही हुआ करता। प्रमोद तिवारी ने कांग्रेस की ओर से महासभा को समर्थन का ऐलान करते हुए बताया कि शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी तथा एमएलसी संजय मिश्र के साथ राज्यसभा मे विपक्ष के नेता एवं पार्टी महासचिव गुलामनवी आजाद तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर के साथ हुई वार्ता के तहत उनकी पार्टी ने वित्तविहीन शिक्षको के संघर्ष व मांगो का समर्थन किये जाने का निर्णय लिया है।
शिक्षक रैली को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद राजकुमारी रत्ना सिंह ने कहा कि शिक्षको ने ही समाज और देश के निर्माता की भूमिका निभाई है। ऐसे मे यह सरकार शिक्षको का अपमान कर देश के भविष्य के साथ खिलवाड कर रही है। रैली को संबोधित करते हुए माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा के अध्यक्ष एवं एमएलसी उमेश द्विवेदी ने कहा कि जब तक मुख्यमंत्री वित्तविहीन शिक्षको के प्रति दिये गये अपने निंदनीय बयान को वापस लेते हुए महासभा से क्षमाप्रार्थी नही होगे, प्रदेश के हर कोने मे वित्तविहीन शिक्षको का सडक से लेकर सदन तक आंदोलन जारी रहेगा। शिक्षक विधायक उमेश ने कहा कि प्रदेश की मौजूदा योगी सरकार ने प्रदेश के वित्तविहीन शिक्षको का अपमान करते हुए जिस तरह से मानदेय को लेकर अपने वचन से मुकर रही है वह सरकार के पतन का कारण बनेगी।
शिक्षक विधायक संजय मिश्रा ने कहा कि प्रदेश की मौजूदा सरकार की हठधर्मिता के खिलाफ प्रदेश भर के वित्तविहीन शिक्षको की आवाज रोकने का माध्यम योगी सरकार के बूते नही है। इसके पहले वित्तविहीन माध्यमिक शिक्षक महासभा की ओर से शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी व संजय मिश्रा ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी को कार्यक्रम मे गदा तथा अंगवस्त्रम भेंटकर सारस्वत सम्मान से नवाजा। स्वागताध्यक्ष एवं नगर पंचायत की चेयरपर्सन के प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी ने रैली मे आये प्रदेश भर के शिक्षक नेताओ का स्वागत किया। वही एमएलसी उमेश द्विवेदी के प्रांतीय प्रतिनिधि बीके शुक्ला ने आभार प्रदर्शन किया। संचालन मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश शुक्ल द्वारा किया गया।
इस मौके पर वित्तविहीन शिक्षक महासभा की महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रेनू मिश्रा प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रकाश त्रिपाठी प्रधान महासचिव अशोक कुमार राठौर अजय सिंह अहिबरन सिंह प्रमोद त्रिपाठी शिवशरण प्रसाद डा. बलराम वर्मा निशी श्रीवास्तव राममनोहर पाण्डेय राजबीर सिंह जमाल अहमद आदि ने शिक्षक हितो को लेकर संघर्ष जारी रखने का ऐलान किया।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ