परिक्रमा और मेले में आए लोगों की सुरक्षा का था पुख्ता इंतजाम
अजीज हसन सिद्दीकी
खरगूपुर, गोण्डा। कार्तिक शुक्ल पक्ष अक्षय नवमी के अवसर पर प्रसिद्ध तपोवन झालीधाम आश्रम में परिक्रमा व मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस अवसर पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। चप्पे चप्पे पर पुलिस और होमगार्ड के जवान तैनात रहे।
शनिवार को शान्ति मनोरम तपोवन झालीधाम आश्रम के पीठाधीश्वर नरसिंह दास महाराज की अगुवाई में आए हजारों की संख्या में महिला व पुरुष श्रद्धालुओं ने परिक्रमा में भाग लिया। यहां परिक्रमा व मेले में शामिल होने के लिए शुक्रवार देर रात से ही लोगों का आना शुरू हो गया था। आश्रम में पीठाधीश्वर नरसिंह दास महाराज व बाहर से आए सन्त महात्माओं द्वारा लोगों को प्रवचन व भजन-कीर्तन का रसपान कराया गया। वहीं स्वामी राम मिलन दास महराज की समाधि पर श्रद्धालुओं ने पुष्प अर्पित किया।
परिक्रमा कार्यक्रम में राम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान व भोलेनाथ की झांकी निकाली गयी, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। परिक्रमा में शामिल भक्तों ने राम नाम जप करते हुए परिक्रमा पूरी की। आश्रम परिसर में लगी विभिन्न प्रकार की दुकानों पर खासकर महिलाओं व बच्चों ने अपने-अपने जरूरत के सामानों की खरीददारी की।
परिक्रमार्थियों का रास्ते में लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। प्रमुख रूप से भाजपा नेता आशीष त्रिपाठी, ज्ञान प्रकाश शुक्ल, वेद प्रकाश शुक्ल, धर्मेन्द्र मिश्र, पंडित राकेश तिवारी, राजेश दूबे, मयंक तिवारी, पदुमनाथ शुक्ल, कमल नयन दास, अशोक दूबे, डॉ. रवीन्द्र शुक्ल, सोहन लाल भारती, सूर्य नारायण शुक्ल आदि लोगों का परिक्रमा व मेला सम्पन्न कराने में विशेष योगदान रहा। सुरक्षा व्यवस्था में प्रभारी निरीक्षक विवेक सिंह, उप निरीक्षक प्रशांत मिश्र, महिमानाथ उपाध्याय सहित महिला, पुरुष आरक्षी, पीएसी बल व होमगार्ड मुस्तैद रहे, जिससे एक दिवसीय परिक्रमा व मेला कार्यक्रम धूमधाम से गाजे-बाजे के साथ शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का समापन भव्य भण्डारे के उपरांत हुआ।यहां गोण्डा के साथ ही, बलरामपुर, बहराइच व श्रावस्ती जिलों तथा अन्य स्थानों से आए हजारों महिला व पुरूष श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।




एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ