कांग्रेस नेता कुतुबुद्दीन खान ने गोण्डा लोकसभा क्षेत्र में किया व्यापक जनसंपर्क
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। क्षेत्र में किसानों के साथ विचार विमर्श करते हुए कांग्रेस के नेता क़ुतुबुद्दीन खान डायमंड ने मीडिया से कहा कि वर्तमान समय में देश बहुत ही विषम परिस्थितियों से गुजर रहा है। केंद्र की गलत नीतियों के चलते हर वर्ग हताश और परेशान है। सरकार के बड़बोलेपन के कारण किसान पाई पाई को तरस रहा है। वर्तमान सत्र की गन्ना पिराई शुरू हुए 10 दिन बीत चुके हैं, लेकिन सरकार की ढुलमुल नीतियों के कारण किसानों का विगत सत्र का बकाया अभी तक नहीं मिल पाया है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कुतुबुद्दीन खान डायमंड सोमवार को गोण्डा लोकसभा क्षेत्र के दर्जनों गांवों में किसानों, गरीबों, मजदूरों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार किसान, गरीब, छात्र, नौजवान विरोधी है। इन्हें किसानों की कोई सुध नहीं है। सिर्फ जनता का ध्यान भटकाने के लिए कुत्सित प्रयास हो रहा है।
यह सरकार किसानों, छात्रों, नौजवानों के साथ ही सभी वर्ग के लोगों का शोषण करने में लगी हुई है। किसानों का पेड़ी गन्ना की कई वैरायटी, जो पिछली बार मिलों द्वारा खरीदी गई थी, उनको रिजेक्ट बता कर गन्ना तौल केंद्रों से वापस किया जा रहा है। सरकार एवं मिल मालिकों की साठगांठ से हमारे देश की रीढ़ की हड्डी कहलाने वाले अन्नदाताओं के हक़ में ऐसे फैसले बहुत ही निंदनीय हैं।
उन्होंने कहा कि विकास के झूठे वादे करके मंदिर के नाम पर जनभावनाओं के साथ सरकार खिलवाड़ कर रही है। गन्ना और धान क्रय केन्द्रों पर किसानों के तमाम तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों को बिचौलियों द्वारा लूटा जा रहा है, लेकिन सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही है। कांग्रेस नेता डायमंड ने कहा कि केंद्र सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है।
जनता के बीच में जमीन खिसकी देखकर ही भाजपा राम मंदिर के मुद्दे को हवा दे रही है, लेकिन देश की जनता जागरूक हो चुकी है। वह अब इनके बहकावे और झूठे वादों में आने वाली नहीं है। जनता को कांग्रेस और उसकी नेता सोनिया गांधी तथा राहुल गांधी से उम्मीदें हैं। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ