अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। जनपद में किसानों की समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने आज कलेक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन कर जिलाधिकारी के प्रतिनिधि तहसीलदार सदर को 12 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा । तहसीलदार ने आश्वासन दिया कि मांग पत्र को जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा ।
समाजवादी पार्टी में पूर्व मंत्री डॉक्टर शिव प्रताप यादव ने कलेक्ट्रेट में ज्ञापन देने के बाद बताया कि योगी राज में किसानों की समस्याएं बढ़ती जा रही हैं ।गन्ना किसानों का उत्पीड़न हो रहा है, गन्ना प्रजाति के नाम पर गन्ना खरीद नहीं की जा रही है । किसान परेशान हैं । किसानों के कर्ज माफी के नाम पर धोखा किया गया है, गन्ने का मूल्य निर्धारण भी अभी तक नहीं किया गया है, धान क्रय केंद्र पर धान की खरीद नहीं की जा रही है, बीज व उर्वरक सरकारी मूल्य पर उपलब्ध नहीं है, किसान महंगे दाम पर बीज व खाद खरीदने को मजबूर हैं, जिले के अधिकांश सरकारी नलकूप खराब पड़े हैं
खेतों में सिंचाई नहीं हो पा रही है, जिले में चित्तौड़गढ़ बांध सहित अन्य जलाशयों से निकली नहरों मायनरो तथा फीडर चैनलों की सिल्ट सफाई ना होने के कारण सिंचाई भी नहीं हो पा रही है, छुट्टा जानवरों से किसानों की खेती बर्बाद हो रही है, किसान बीमा योजना व फसल बीमा योजना के नाम पर किसानों के साथ धोखा किया जा रहा है, ऐसी तमाम समस्याएं हैं जिनको लेकर समाजवादी पार्टी धरना प्रदर्शन के लिए मजबूर है ।
उन्होंने मांग किया इन सभी समस्याओं को सरकार तत्काल दूर करे । गन्ना मूल्य ₹400 प्रति कुंटल कम से कम घोषित करे । जिन किसानों का कर्ज माफी अभी तक नहीं हुआ है उनका तत्काल कर्ज माफ किया जाए, फसल बीमा के तहत किसानों को उनकी फसलों के नुकसान का मुआवजा दिलाया जाए, किसान दुर्घटना बीमा का लाभ किसानों को उनके घर पर उपलब्ध कराया जाए, नहरों की सिल्ट की सफाई कराया जाए, खराब पड़े नलकूपों को तत्काल ठीक किया जाए, सरकारी मूल्य पर उर्वरक तथा बीज उपलब्ध कराया जाए, गन्ना सप्लाई के लिए किसानों को पर्ची बगैर भेदभाव के उपलब्ध कराया जाए, गन्ना किसानों का गन्ना प्रजाति के नाम पर किया जा रहा उत्पीड़न तत्काल बंद किया जाए तथा धान क्रय केंद्रों पर किसानों के धान की खरीद तत्काल सुनिश्चित किया जाए ।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के अंदर किसानों की समस्याओं का निदान नहीं किया जाता है तो समाजवादी पार्टी आंदोलन धरना प्रदर्शन चक्का जाम जैसी कार्रवाई के लिए विवश होगी । ज्ञापन देते समय जिला अध्यक्ष ओंकार नाथ पटेल, पूर्व विधायक अनवर महमूदन पूर्व विधायक जगराम पासवान, जिला महासचिव फ्लावर जावेद, शबाना खान, राम कुमार व गंगाराम सहित संगठन के पदाधिकारी व तमाम कार्यकर्ता मौजूद थे ।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ