सुनील उपाध्याय
बस्ती। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के अंतर्गत राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस नोएडा में प्रतिभाग करने जा रहे जनपद के 6 बाल वैज्ञानिकों की टीम को जिलाधिकारी डॉ राज शेखर ने गुरुवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रतियोगिता 7 से 9 नवम्बर तक आईटीएस इंजीनिरिंग कालेज ग्रेटर नोएडा में आयोजित की गई है। आयोजन में शामिल होने वाले 6 वैज्ञानिको और उनके शिक्षकों के एक दल को उनके शिक्षकों के साथ एक विशेष वातानुकूलित वाहन से ग्रेटर नोएडा के रवाना किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ राज शेखर ने कहा कि इस बार जनपद से राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस के लिए चयनित बच्चो ने अपने वैज्ञानिक सोच का जिस तरह प्रदर्शन किया है वह काफी प्रसंशनीय है। उम्मीद है कि यह बाल वैज्ञानिक अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शामिल होकर जनपद के नाम रोशन करेंगे। इस अवसर पर राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के जिला समन्वयक डॉ सर्वेष्ट मिश्र ने बताया कि जनपद स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में 6 समूहों का चयन राज्य स्तरीय कार्यक्रम हेतु किया गया है।
जिलाधिकारी डॉ राज शेखर ने इन बच्चों को पिछले दिनों अपने आवास पर बुलाकर सम्मानित किया था और इन सबको अपनी तरफ से नोएडा भेजने की व्यवस्था करने की बात कही थी। उसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी द्वारा चयनित बच्चो वैष्णवी त्रिपाठी, आदित्य उपाध्याय, युवराज कसौधन, आशीष कुमार रावत, सूरज उपाध्याय, लक्ष्य श्रीवास्तव को शुभकामनाओ के साथ कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना किया। इस दौरान जिला समन्वयक डॉ सर्वेष्ट मिश्र, शिक्षक शैलेन्द्र त्रिपाठी, अरविंद त्रिपाठी, प्रीता खण्डेलवाल सहित विभिन्न स्कूलों के शिक्षक व अभिभावक मौजूद रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ