सुनील उपाध्याय
बस्ती। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक में किसानों और जवानों के लिए किये गए निर्णय ऐतिहासिक है। प्रदेश में ग्राम पंचायत स्तर पर गोवंश आश्रय स्थल बनाये जाने से जहां निराश्रित गौवंश का संरक्षण हो सकेगा वहीं किसानों को भी इससे काफी लाभ होगा। यह कहना है भाजपा सांसद हरीश द्विवेदी का।
भाजपा मीडिया संपर्क प्रमुख नितेश शर्मा के द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सांसद हरीश द्विवेदी ने कहा कि नए साल के पहले दिन ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कैबिनेट में गोवंश आश्रय स्थल के निर्माण का फैसला करके प्रदेश के किसानों और ग्रामीण क्षेत्र की जनता को सौगात दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार द्वारा गोवंश आश्रय स्थल खोलने का निर्णय गोंवश के संवर्धन और किसानों की फसलों को नुकसान से बचाने की विश्व की सबसे बड़ी परियोजना साबित होगी।
सांसद ने कहा कि निराश्रित पशुओं के द्वारा किसानों की फसल को नुकसान पहुंचने की समस्या सेे निजात मिल सकेगी। वहीं आश्रय स्थलों में रह रहे गोवंश से उत्पादित दूध, गोबर व कम्पोस्ट की बिक्री से आश्रय स्थल भी आत्मनिर्भर हो सकेगें। विभिन्न विभागों के समन्वय के माध्यम से जिस तरह से निराश्रित पशुओं व गोवंश के रखरखाव तथा किसानों के फसल संरक्षण की योजना बनाई गई है। यह सरकार की किसानों व ग्रामीण क्षेत्र की जनता के प्रति संवेदनशीलता का परिचायक है। कहा कि भाजपा सरकार गोकशी रोकने के साथ-साथ गोवंश के संरक्षण के लिए कटिबद्ध है। किसानों खासकर ग्रामीण क्षेत्र की जनता से अपील की कि वे गोवंश के संरक्षण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा लिए गए निर्णय पर भरोसा रखते हुए अपना सहयोग दे।
निराश्रित गोंवंश के संरक्षण के लिए पहले से ही भाजपा सरकार 68 जिलों में गोसंरक्षण केन्द्रो का निर्माण करा रही है। वहीं सभी नगर निगमों को निराश्रित पशुओं के लिए आश्रय स्थल बनाने के लिए भी दस-दस करोड़ रूपये जारी किये जा चुके है।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ