ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। थाना कोतवाली देहात की खोरहंसा चौकी क्षेत्र के जमुनियाबाग कस्बे में स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम में शनिवार को एक एटीएम हैकर को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस मामले में फिरोजपुर निवासी एक व्यक्ति द्वारा हैकर के विरूद्ध कोतवाली में तहरीर दी गई है।
जिले के कोतवाली देहात की खोरहंसा चौकी अन्तर्गत फिरोजपुर गांव निवासी मोहम्मद मुजीब पुत्र जलील द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में कहा गया है कि शनिवार को वह रूपया निकालने जमुनियाबाग स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम में गया, तो वहां पर एक व्यक्ति पहले से ही मौजूद था। आरोप है कि एटीएम के अंदर मौजूद मनकापुर निवासी पंकज पुत्र साधूसरन जायसवाल ने उसका एटीएम कार्ड लेकर स्क्रैच कर लिया। जब उसे आवाज सुनाई दी तब उसने अपने भाई को वहां बुला लिया और इसकी जानकारी बैंक प्रबंधक को दी। बैंक मैनेजर द्वारा हैकर को पकड़े जाने की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही खोरहंसा चौकी प्रभारी नीरज सिंह मौके पर पहुंचे और पकड़े गए एटीएम हैकर को चौकी पर ले आए। बताया जाता है कि हैकर की जब जामा तलाशी ली गयी तो उसके पास से 11 एटीएम कार्ड के साथ ही अन्य वस्तुएं भी बरामद हुईं। आक्रोशित लोगों द्वारा उसकी पिटाई भी की गई। वहीं पकड़े गये हैकर को चौकी पर ले जाने के बाद कुछ दलालों के माध्यम से सौदा तय किया जाने लगा। इस पर मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक राकेश प्रकाश सिंह को दी गई। एसपी ने मामले की विस्तृत जानकारी तलब की तो मातहतों के हाथ पांव फूलने लगे और आनन फानन में उसे कोतवाली पहुंचा दिया गया। फिलहाल समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था। आरोपी एटीएम हैकर कोतवाली देहात पुलिस की हिरासत में है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ