ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। आग लगने से करीब एक लाख रूपये की गृहस्थी जलकर राख हो गई। मौके पर नुकसान का आकलन करने पहुंचे लेखपाल ने महज दस हजार रुपये का नुकसान होना बताते हुए रिपोर्ट तहसील प्रशासन को देने की बात कही। इस सदमे में पीड़ित किसान की मौत हो गई।
मामला जिले के खरगूपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लोनावा दरगाह का है। यहां शनिवार की देर रात गुलाम रसूल (65 वर्ष) के छप्पर के घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई थी, जिसमें तीन बकरियां जल कर मर गई थीं, जबकि एक गाय व बछड़ा झुलस कर घायल हो गए थे। इस घटना में बकरियों के मरने के साथ ही पूरी गृहस्थी जल जाने के अलावा घर में लगे आग से बचाव करते समय गुलाम रसूल का पुत्र पीर मोहम्मद उर्फ छोटकऊ भी झुलस कर घायल हो गया। आग लगने की घटना में नकदी, अनाज, कपड़ा, बर्तन आदि करीब एक लाख रूपये के सामान जलकर राख हो गए। इस घटना के कारण सोमवार को गुलाम रसूल परेशान रहे। दूसरे दिन उसकी तबियत अचानक बिगड़ने के उपरांत मौत हो गयी। गृह स्वामी के सदमे से मौत होने के बाद परिजनों में मातम का माहौल है।
क्षेत्र में जनचर्चा के अनुसार आगजनी की घटना के बाद क्षेत्रीय लेखपाल जब नुकसान का आकलन करने पहुंचा तो वहां मौके पर उसने मात्र 10 हजार रुपए के नुकसान की बात बता कर प्रशासन से सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। बताया जाता है कि आगजनी की घटना में करीब एक लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। लेकिन महज 10 हजार रुपए का नुकसान लेखपाल से सुनने के बाद से ही गुलाम रसूल की तबीयत बिगड़ गई थी और आगजनी के आज तीसरे दिन सदमे से उनकी मौत हो गई।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ