हादसों को दावत दे रही उजड़ी सड़क, जनप्रतिनिधियों ने बंद की आंखें
अजीज हसन सिद्दीकी
इटियाथोक, गोण्डा। कस्बे में गोंडा मार्ग पर नियाज अहमद की दुकान के पास मुख्य सड़क गहरे गड्ढे में तब्दील हो गयी है, जिससे आने जाने वाले वाहनों और राहगीरों के लिए परेशानी हो रही है। टूटी सड़क किसी बड़ी दुर्घटना को दावत भी दे रही है।
इटियाथोक बाजार में इस जगह से थोड़ा आगे अधूरी छोड़ी गई सड़क किसी तरह बननी शुरू भी हुई तो उस पर केवल पत्थर ही डालकर काम बंद कर दिया गया। गोण्डा-बलरामपुर मुख्य मार्ग अब टू लेन में बदल गया है। मार्ग बन जाने से लोगों को आवागमन में आसानी हुई है लेकिन बीच में कहीं कहीं गैपिंग छोड़ दी गयी है जिसका नमूना इस कस्बे में प्रत्यक्ष रूप से दिख रहा है।
निर्माण कार्य में लगी संस्था भी अपना सामान बटोर रही है, लेकिन इस समस्या को लेकर जिम्मेदार अपनी आंखें बंद किए हुए हैं। बाजार में बिसुही पुल के निकट भी सड़क के आधे हिस्से का निर्माण ही नहीं हुआ था, जिससे रोज दुर्घटनाएं होती थीं और घंटों सड़क पर जाम भी लगता था। इसके लिए लोगों ने आवाज उठाई।
क्राइम जंक्शन ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित किया, जिस पर कार्य शुरू कराने के लिए वहांं पत्थर गिरे। वहांं भी केवल पत्थरों को डालकर कार्य बंद कर दिया गया। पिछले एक माह से लोग नुकीले पत्थरों से होकर गुजरने को मजबूर हैं। ये मार्ग दोनों जनपदों को जोड़ता है। इसलिए तमाम बड़े अधिकारी व नेता, सांसद-विधायक भी इसी रास्ते से निकलते हैं, लेकिन उन्हें जैसे लोगों की इस समस्या से कोई वास्ता ही नहीं है?


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ