अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। आसन्न लोकसभा चुनाव 2019 पूरे देश में 7 चरणों में कराए जाने हैं । जनपद बलरामपुर के चार विधानसभाओं में से 1 विधानसभा में चुनाव 6 मई को पांचवें चरण में होना है तथा 3 विधानसभाओं में छठवें चरण 12 मई को चुनाव संपन्न होंगे ।
चुनाव के दौरान वाहनों की समस्या उत्पन्न ना हो इसके लिए उप संभागीय परिवहन कार्यालय को जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा सख्त निर्देश जारी किए गए हैं ।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अपर जिला अधिकारी अरुण कुमार शुक्ला ने बताया की संसदीय क्षेत्र गोंडा का चुनाव 6 मई को संपन्न होना है ।गोंडा संसदीय क्षेत्र में ही जनपद बलरामपुर का उतरौला विधानसभा क्षेत्र पड़ता है ।
इसलिए उतरौला विधानसभा क्षेत्र का चुनाव 6 मई को जनपद बलरामपुर का जिला निर्वाचन कार्यालय संपन्न कराएगा । लोकसभा क्षेत्र श्रावस्ती में मतदान 12 मई को होना है और इसी क्षेत्र में जनपद बलरामपुर का 3 विधानसभा क्षेत्र गैसड़ी, तुलसीपुर तथा बलरामपुर सदर पड़ता है । यहां पर 12 मई को मतदान संपन्न कराया जाएगा । उन्होंने बताया कि 6 मई को मतदान संपन्न कराने के लिए 3 मई से 6 मई तक समस्त बसों के परमिट को निरस्त कर दिया गया है ।
इसी प्रकार 12 मई को मतदान संपन्न कराने के लिए 9 मई से 12 मई तक समस्त बसों के परमिट निरस्त कर दिए गए हैं । इस आदेश की सूचना उप संभागीय परिवहन कार्यालय को भेज दी गई है । यह भी निर्देश दिया गया है कि 3 से 6 तथा 9 से 12 मई के मध्य कोई भी नया परमिट जारी नहीं होगा ।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ