ग्रामीणों ने राजा भैया को बताया परिवार का सदस्य
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। चुनावी जनसंपर्क में जहां सभी दलों ने अपनी ताकत का प्रदर्शन करना शुरु कर दिया है वहीं भाजपा के गोण्डा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया ने भी तय कार्यक्रम के तहत आज विधानसभा उतरौला के ग्राम इटईरामपुर के सभी मजरों में सघन जनसंपर्क किया। इस दौरान सांसद राजा भैया ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में सभी भारतीयों का हित निहित है।
राजा भैया ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अंग्रेजों को तो देश से भगा दिया गया लेकिन अभी भी कुछ लोगों की मानसिकता नहीं बदल सका है। बीजेपी प्रत्याशी ने ग्रामीणों से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांव के गरीबों का ध्यान रखकर विभिन्न योजनाओं को संचालित किया जिसका लाभ आज पूरे भारत के गरीब तबके को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कहीं मकान तो कहीं चिकित्सा, किसानों को तमाम कल्याणकारी योजनाओं से सहायता मिल रही है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के पास ना तो मुद्दे हैं और ना ही जन हितैषी घोषणा पत्र। हवा हवाई दावों के बीच जनता के सामने विपक्षी दल टिक नहीं पा रहे हैं।
भाजपा को मिल रहे अपार जनसमर्थन से विपक्षी दल जनता को बरगलाने के लिए हर हथकंडा अपना रहे हैं, लेकिन बावजूद इसके जनता उन्हें सिरे से नकार देती है। सांसद ने जनसंपर्क के दौरान क्षेत्र की समस्याओं पर फोकस करते हुए विकास कार्य पर प्रकाश डाला।इस दौरान सांसद के साथ भाजपा के तमाम कार्यकर्त्ता, पदाधिकारी व सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों ने सांसद के पक्ष में मतदान का आश्वासन भी दिया।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ