जिला निर्वाचन अधिकारी ने छात्राओं को दिलाई मतदाता शपथ
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। जिले में होने वाले लोकसभा चुनाव में मत प्रतिशत को बढ़ाने के लिए एक ओर जहां जिला प्रशासन द्वारा तमाम मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, वहीं स्वयं सेवी संगठनों, विद्यालयों, कालेजों द्वारा भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया जा रहा है। सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी डॉक्टर नितिन बंसल ने सरयू कन्या पाठशाला इन्टर कालेज गोण्डा में पहुंचकर छात्राओं को मतदाता शपथ दिलाई और उनसे अपील किया वे सब यदि मतदाता हैं तो स्वयं तो वोट डालने जाएं ही, साथ ही अपने अभिभावकों, रिश्तेदारों और मित्रों को भी हरहाल में वोट डालने के लिए प्रेरित करें।
गौरतलब है कि जिला निर्वाचन अधिकारी डॉक्टर नितिन बंसल के निर्देश पर मत प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिले के सभी प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में एक साथ मतदाता जागरूकता कार्यक्रम चलाए रहे हैं और मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कर अधिक से अधिक वोट डलवाने की शपथ दिलाई जा रही है। जिलाधिकारी डॉ. बसंल सरयू कन्या पाठशाला इन्टर कॉलेज पहुंचकर छात्राओं से मुखातिब हुए और अपील की वे सब अपने माता-पिता और रिश्तेदारों को वोट देने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि मतदान से बड़ा कोई भी अधिकार नहीं है। इसे समझने, समझाने की भी जरूरत है और हर नागरिक को अपने इस सबसे सशक्त हथियार को प्रयोग जरूर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि हम वोट नहीं देते हैं तो न सिर्फ अपने अधिकार का प्रयोग नहीं कर रहे बल्कि अपने कर्तव्य से भी विमुख हो रहे हैं। इसलिए वोट जरूर करें।
गौरतलब है कि जिला प्रशासन द्वारा स्वीप एक्टिविटी के तहत जिले में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। सेल्फी प्वांइन्ट, वाहनों पर स्टीकर, घरेलू गैस सिलेन्डर पर स्टीकर तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कराने के साथ ही अन्य तरीके भी जागरूकता फैलाने के दृष्टिगत चलाए जा रहे हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अपने-अपने घरों से निकलकर वोट करने जरूर जाएं।
उन्होंने कहा कि युवा मतदाताओं को इस अभियान में आगे आना चाहिए और स्वयं का वोट डालने के साथ ही दूसरे लोगों को भी वोट हरहाल में देने के लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों का आहवान किया कि वे सब स्वयं भी वोट डालें, क्योंकि हर एक वोट अनमोल है। कहा कि आपका एक सही मत भी देश के लिए गलत सरकार को चुनने से रोक सकता है। उन्होंनेे कहा कि मतदान हमारा अधिकार है और मतदान करना हमारा कर्तव्य है। हर मतदाता को निडर होकर मतदान करना चाहिए। आने वाली 6 मई को सभी लोग अपना सब काम छोड़कर स्वयं के साथ अन्य लोगों को भी मतदान केन्द्र पर जरूर ले जाएं और वोट डलवाएं। इस दौरान कालेज की प्रधानाचार्या व छात्राएं उपस्थित रहीं।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ