गोण्डा। भाजपा के गोंडा लोकसभा प्रत्याशी कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया तथा सपा बसपा गठबंधन के प्रत्याशी विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह के कट्टर समर्थक रीवां गांव के प्रधान के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई और देखते ही देखते हवा में असलहे लहराने लगे। बताया जाता है कि इसी बीच दोनों तरफ से ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग भी शुरू हो गई।हालांकि पुलिस फायरिंग से इंकार कर रही है।
बताते हैं कि गांव वालों ने प्रधान के उकसावे में आकर सांसद राजा भैया पर हमला कर दिया। एहतियात के तौर पर मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
घटना के सम्बंध में बताया जाता है कि देर रात करीब 10 बजे गोण्डा से भाजपा प्रत्याशी कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया नवाबगंज थाना क्षेत्र के रीवां गांव पहुंचे जहां किसी बात को लेकर ग्राम प्रधान से कहासुनी हो गई। बात इतनी आगे बढ़ गई कि गांव वालों ने राजा भैया को घेर लिया और असलहे लहराए जाने लगे। इसी बीच हवा में फायरिंग की भी बात कही जा रही है।
सूत्रों के अनुसार प्रधान सपा प्रत्याशी पंडित सिंह का कट्टर समर्थक बताया जाता है, जिसका उस गांव में दबदबा है।
बताते हैं कि प्रधान से तकरार होते देखकर गांव वालों ने राजा भैया पर पथराव शुरू कर दिया। बचाव के लिए उनके साथ चल रहे लोगों को भी बल प्रयोग करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही नवाबगंज, वजीरगंज समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
आलाधिकारी भी पहुंचे। करीब दो दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। नवाबगंज थानाध्यक्ष ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पथराव की बात सही है किंतु फायरिंग की पुष्टि नहीं हो पा रही है। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि राजा भैया पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्हें चोट नहीं आई है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ