ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। ध्वस्त कानून व्यवस्था जैसी तमाम जनसमस्याओं को लेकर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया ने आगामी 18 सितंबर को जिला मुख्यालय पर विशाल धरना प्रदर्शन करने का फैसला किया है। इस सम्बंध में पार्टी द्वारा जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर सूचित किया जा चुका है। गुरूवार को प्रसपा जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में पार्टी पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें धरना प्रदर्शन की कामयाबी के लिए रणनीति तैयार की गई।
उक्त जानकारी देते हुए प्रसपा जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शुक्ल ने बताया कि आज पार्टी पदाधिकारियों, जिला कार्यसमिति सदस्यों, फ्रंटल संगठनों के जिलाध्यक्षों, विधानसभा व नगर अध्यक्षों के साथ ही वरिष्ठ नेताओं की पार्टी कार्यालय पर महत्वपूर्ण बैठक हुई जिसमें प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आगामी 18 सितम्बर को जिलाधिकारी कार्यालय पर आयोजित विशाल धरना प्रदर्शन सफल बनाने के लिए व्यापक विचार विमर्श कर रणनीति तैयार की गयी। उन्होंने बताया कि जनपद गोण्डा में ध्वस्त कानून व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त करने, थानों, तहसीलों, सरकारी अस्पतालों तथा आरटीओ ऑफिस गोण्डा में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं लूट खसोट पर तत्काल रोक लगाने, बिजली मूल्य में की गयी भारी वृद्धि को तत्काल समाप्त करने, वाहन चेकिंग के नाम पर की जा रही लूट खसोट पर रोक लगाने, गन्ना किसानों के बकाया मूल्य का ब्याज समेत भुगतान कराने तथा छात्र-छात्राओं की उच्च शिक्षा के लिए मण्डल मुख्यालय गोण्डा पर विश्वविद्यालय खोले जाने सहित 15 मांगें शामिल हैं, जिन्हें लेकर आगामी 18 सितंबर को धरना प्रदर्शन का फैसला किया गया है।
श्री शुक्ल ने बताया कि प्रसपा के इस प्रस्तावित धरना प्रदर्शन को लेकर जिले की जनता में काफी उत्साह है। इस धरना प्रदर्शन को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी के नेताओं को जिम्मेदारी दे दी गई है। इसी क्रम में प्रसपा के सह मण्डल प्रभारी फहीमुर्रहमान उर्फ मंटू काजी ने नये परिवहन कानून के तहत भारी जुर्माना वसूले जाने के सरकार के फैसले को तानाशाहीपूर्ण एवं जनविरोधी बताया। उन्होंने जिलेभर की बदहाल बिजली व्यवस्था को दुरूस्त करने की मांग करते हुए कहा कि 24 घंटे बिजली देने का वादा करने वाले 14 घंटे भी सुचारू रूप से बिजली नहीं मुहैया करा पा रहे हैं।
बैठक का संचालन प्रमुख जिला महासचिव जमाल मोहम्मद चौधरी ने किया। इस अवसर पर हरिशंकर सिंह, मदन मोहन मिश्र, जंग बहादुर सिंह, परवेज़ सलमानी, कारी साहब, संतराम तिवारी, मंशाराम मिश्र, हाजी जैनुल आब्दीन खां, अंकित शुक्ल, अब्दुल अतीक, जाबिर अनीस सिद्दीकी, संतशरण हितकारी, महेंद्र तिवारी सहित पार्टी के सभी प्रमुख नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ