Type Here to Get Search Results !

Bottom Ad

करनैलगंज:सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 23 सेंटीमीटर ऊपर



रजनीश / ज्ञान प्रकाश 

करनैलगंज(गोंडा)। घाघरा (सरयू) नदी के जलस्तर का लगातार घटना व बढ़ना जारी है। इसी के साथ कटान भी शुरू हो गई है। 


सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 23 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। तेजी से बढ़ रही घाघरा नदी से अब लोगों में दहशत का आलम है। 


बीते शुक्रवार को शाम 8 बजे घाघरा नदी का जलस्तर 14 सेंटीमीटर खतरे के निशान से नीचे चल रहा था जो शनिवार को सुबह 8 बजे 6 सेंटीमीटर शेष बचा था। 


उसके बाद रविवार को सुबह 8 बजे घाघरा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ते हुए करीब 30 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया, जो खतरे के निशान से 23 सेंटीमीटर ऊपर है। 


यह स्थिति लगातार शाम तक बनी रही और घाघरा नदी की स्थिति करीब 2 लाख 85 हजार क्यूसेक का रहा। नदी में जलस्तर के उतार-चढ़ाव की स्थिति बेहद खतरनाक मानी जाती है और इस नदी का जलस्तर रातों-रात घटता और बढ़ता रहता है। 


जिससे कटान की स्थिति बनी हुई है। मांझा रायपुर, परसावल, बेहटा, पारा और नकहरा के सामने बांध से सटी जमीनें लगातार तेजी से कट कर घाघरा नदी में समाती जा रही हैं। 


कटान के चलते नदी बांध के समीप आ गई है। अधिकांश जगहों पर नदी बांध से सट कर बह रही है। जिससे बांध को भी खतरा पैदा हो गया है। 


अनुमान लगाया जा रहा है कि यदि यही स्थिति बनी रहे और दोबारा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा तो बांध में कटान शुरू हो सकती है। 


नदी और बांध के बीच में खेती योग्य जमीने लगभग लगभग समाप्त हो चुके हैं, जो सैकड़ों एकड़ में है। अधिकांश जमीनों में किसानों द्वारा फसलें बोई गई थी। 


जिसमें परवल, धान, गन्ना की फसल लगी हुई थी जो कटान में बह गई। घटते बढ़ते जलस्तर पर बांध के आसपास ग्रामीणों की धड़कनें भी घट बढ़ रही हैं। 


मजे की बात यह है कि बांध के मरम्मत कार्य एवं रखरखाव के लिए तैनात किए गए अधिकारी बांध पर दूर-दूर तक नजर नहीं आ रहे हैं और यही स्थिति रही तो बांध की शामत आना तय है। 


रविवार शाम को घाघरा नदी में डिस्चार्ज 2 लाख 85 हजार 380 क्यूसेक था। यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि नदी का जलस्तर अभी और बढ़ेगा। 


जिससे ग्रामीणों के लिए मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं। बांध पर मौजूद रहने वाले अधिकारियों को कॉल किया गया तो किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। 


उप जिलाधिकारी हीरालाल का कहना है कि नदी का जलस्तर बढ़ने की सूचना आई है लगातार राजस्व एवं बाढ़ खंड के अधिकारियों को बांध की निगरानी करने के लिए निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल कहीं भी बांध असुरक्षित होने की सूचना प्राप्त नहीं है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad



 

Below Post Ad

5/vgrid/खबरे