अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर में विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर रविवार को गायत्री परिवार द्वारा नशा मुक्ति रैली निकाल कर लोगों को जागरूक किया गया।
31 मई को विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर गायत्री शक्तिपीठ बलरामपुर द्वारा नगर में भव्य नशा मुक्ति जनजागरण रैली का आयोजन किया गया। हाथों में जागरूकता संदेशों से युक्त तख्तियां लिए गायत्री परिजनों, शिक्षकों, युवाओं, महिलाओं एवं बच्चों ने नगरवासियों को नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया। रैली गायत्री शक्तिपीठ से प्रारम्भ होकर ठठेरी बाजार होते हुए, घंटाघर चौराहा, चूड़ी मार्केट, बड़े पुल चौराहा, टेढ़ी बाजार, देवी दयाल तिराहा तथा गर्ल्स इंटर कॉलेज चौराहा सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान प्रतिभागियों ने नशे के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए तम्बाकू, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से दूर रहने का आह्वान किया।
गायत्री शक्तिपीठ के व्यवस्थापक सतीश चन्द्र मिश्रा के संरक्षण में आयोजित इस रैली में वरिष्ठ सदस्य दिलीप कुमार श्रीवास्तव, राजकरण, राकेश साहू, व्योम गुप्ता ,सुनील वर्मा, लोकेश श्रीवास्तव, गुड्डू साहू, सहित बड़ी संख्या में गायत्री परिजन उपस्थित रहे। महिला मंडल की कंचन साहू, सुचिता शुक्ला, कृष्णा सिंह, गीता व्यास आदि सदस्याओं एवं बच्चों की उल्लेखनीय सहभागिता ने रैली को और अधिक प्रभावशाली बनाया। इस अवसर पर सतीश चन्द्र मिश्रा ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति को भी प्रभावित करता है। रैली का उद्देश्य युवाओं में जागरूकता उत्पन्न करना, नशे के प्रति सामाजिक चेतना विकसित करना तथा स्वस्थ, सुसंस्कृत एवं व्यसनमुक्त समाज के निर्माण के लिए जनसहभागिता बढ़ाना था। रैली के माध्यम से गायत्री परिवार ने यह संदेश दिया कि "नशा छोड़ें, जीवन जोड़ें" तथा स्वस्थ भारत और सशक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ