रजनीश /ज्ञान प्रकाश
करनैलगंज(गोंडा)। कपूरपुर साईं तकिया में महिला की हत्या के मामले में महिला का देवर ही उसका हत्यारा निकला। पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर आला कत्ल भी बरामद किया है।
भाभी पर अवैध संबंधों का शक होने के चलते उसके देवर ने ही उसकी हत्या कर दी और उसकी लाश सड़क के किनारे झाड़ी में ठिकाने लगाकर गायब हो गया। पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। मामले का खुलासा करते हुए करनैलगंज पुलिस क्षेत्राधिकारी नवीना शुक्ला का कहना है कि कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के ग्राम कपूरपुर साईं तकिया निवासी मोहम्मद नसीम 5 वर्ष से सऊदी अरब में रहकर मेहनत मजदूरी करता था।
उसकी पत्नी सूफिया 35 वर्ष अपने बच्चों के साथ गांव में रहती थी। नसीम विदेश से पैसे भी भेजता था और उसकी पत्नी जरूरतमंद लोगों को पैसे दे देती थी, महिला का चचेरा देवर मैनुद्दीन पुत्र अमजद अली लगातार उस पर नजर रखता था और उसने पैसे की भी मांग की थी।
महिला ने पैसा देने से मना कर दिया था इसके अलावा महिला की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। शुक्रवार की शाम दोनों अलग अलग मौजपुर बाजार में दवा लेने के लिए गए थे। मैनुद्दीन घर वापस आ गया और सूफिया देर रात तक घर नहीं पहुंची। तलाश करते हुए एक खेत से महिला को निकलते हुए देखा तो आग बबूला हो गया।
उसने शक के आधार पर वहीं महिला पर उसने चाकू से वार किया और उसकी लाश को सड़क के किनारे झाड़ी के बीच छुपा दिया। मामले में महिला के चचेरे ससुर यूनुस अली ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। इस हत्या का खुलासा करने के लिए पुलिस क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक करनैलगंज, स्वाट टीम प्रभारी को लगाया गया था।
टीम ने महिला के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल निकालने के साथ-साथ पूरे मामले की छानबीन करना शुरू किया, तो महिला का चचेरा देवर मैनुद्दीन ही उसका हत्यारा निकला। सीओ ने बताया कि मैनुद्दीन लगातार सूफिया पर अवैध संबंधों का शक करता था। लगातार उसपर नजर जमा कर रखता था।
इसी शक में उसने अपनी भाभी की हत्या कर दी। उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की गई पूछताछ में उसने सारी बात बताते हुए हत्या का जुर्म स्वीकार किया और हत्या में प्रयुक्त चाकू भी उसकी निशानदेही पर बरामद किया गया।
इस अभियुक्त की गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह, स्वाट टीम प्रभारी संतोष कुमार सिंह, उप निरीक्षक विनय कुमार पांडे, अंबुज शर्मा, हेड कांस्टेबल राजू सिंह, हृदय नारायण दीक्षित, यशवंत यादव, अंशुमान पांडे, मनीष यादव, आलोक यादव एवं महिला आरक्षी समरीन की टीम शामिल रही।