डेस्क:पिता के व्हाट्सएप पर फोन करने वाले ने कहा कि मैं क्राइम ब्रांच सीबीआई बोल रहा हूं, आपके लड़के ने चार दोस्तों के संग मिलकर रेप किया है। आपका लड़का इस समय गिरफ्तार है, मोबाइल पुलिस के पास जमा है। इतना सुनते ही पिता के पसीने छूट गए, उसे एक बार ऐसा लगा कि उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। जैसे तैसे करके पिता ने खुद पर काबू पाया, और फिर फोन करने वाले के सामने फोन करके गिड़गिड़ाने लगा।
क्या है पूरा मामला
मामला उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद अंतर्गत मुंडेरवा थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। क्षेत्र के रहने वाले राम रक्षा का लड़का नोएडा में बीटेक की पढ़ाई कर रहा है। 24 मार्च के 10 बजे व्हाट्सएप के जरिए एक फोन कॉल आया। जिसमें फोन करने वाले ने राम रक्षा से कहा कि “मैं क्राइम ब्रांच से सीबीआई इंस्पेक्टर बोल रहा हूं, आपके लड़के ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर रेप किया है। आपके लड़के को कॉलेज से लाकर थाना में बंद किया गया है। लड़के की मोबाइल थाने में जमा है। लड़के को छुड़ाना चाहते हैं तो छोटे साहब और बड़े साहब एक एक लाख रुपए लेंगे। पढ़ाई करने गए बेटे की स्थिति के बारे में सुनकर पिता परेशान हो गया। बेटे को बचाने के जद्दोजहद में जुट गया।
दिए रुपए
बेटे को छुड़ाने के लिए पीड़ित पिता ने फोन किए गए व्यक्ति के द्वारा बताए गए अलग अलग फोन पे नंबर से दो किस्तों में 137000 रुपए भेज दिए। इसके बाद फोन करने वाले ने पीड़ित पिता से कहा कि आपके लड़के को छोड़ा जा रहा है, अब आप उससे फोन मिला करके बात कर लीजिए।
बेटे से बात करने के बाद उड़े होश
पीड़ित पिता ने बेटे को फोन मिलाया तो उसके होश उड़ गए, बेटे ने बताया कि वह कॉलेज में क्लास अटेंड कर रहा था। उसके साथ ऐसा कुछ नहीं हुआ है। उसने अपने पिता को समझाया कि आपके साथ ठगी हुई है।
पुलिस अधीक्षक से गुहार
खुद के रुपए डूबते देख पीड़ित पिता ने स्थानीय पुलिस में गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। तब पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई, मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश जारी कर दिया।
पुलिस अधीक्षक के आदेश पर मुंडेरवा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दिया है।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ