श्याम कृष्ण त्रिपाठी
गोण्डा। शनिवार को प्राथमिक विद्यालय युद्ध का मैदान बन गया, उपस्थिति पंजिका को उठाना सहायक अध्यापिका को भारी पड़ गया, उपस्थिति पंजिका को उठाने से नाराज हुई प्रधानाध्यापिका ने सहायक अध्यापिका को डंडे से पीट दिया। जिससे सहायक अध्यापिका को चोटें आई, मामले में सहायक अध्यापिका ने प्रधानाध्यापिका के खिलाफ स्थानीय पुलिस में शिकायती पत्र दिया है। पुलिस मामले की जांच करने में जुटी हुई है।
मामला गोंडा जिले के शिक्षा क्षेत्र इटियाथोक के प्राथमिक विद्यालय संझवल का है। विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापिका नेहा जैन का आरोप है कि शनिवार को इंचार्ज प्रधानाध्यापिका कहकशां बेगम ने उन्हें डंडे से पीट दिया। सहायक अध्यापिका के मुताबिक सुबह 7:00 बजे विद्यालय पहुंचने पर वह उपस्थिति पंजिका लेकर अपने कमरे में चली गई, जहां अपने सहयोगी अध्यापिका प्रिया वर्मा के साथ हस्ताक्षर करने लगी। इसी दौरान उनके पीछे इंचार्ज प्रधानाध्यापिका कहकशां बेगम अपनी सहयोगी विद्यालय की शिक्षिका तरन्नुम परवीन के साथ उनके कक्ष में आ गई, इस दौरान उनके हाथ में एक डंडा था, उन्होंने डंडे से नेहा जैन की पिटाई कर दी। पिटाई का विरोध करने पर उन्होंने सहायक अध्यापिका से नोच खसोट करते हुए घायल कर दिया।
सहायक अध्यापिका का आरोप है कि इंचार्ज प्रधानाध्यापिका के पिटाई से उनके हाथ की चूड़ियां टूट गई। हाथों में चोट के निशान बन गए। मामले में सहायक अध्यापिका ने इंचार्ज प्रधानाध्यापिका और सहायक अध्यापिका तरन्नुम परवीन के खिलाफ खरगूपुर पुलिस में शिकायती पत्र दिया है।
फिलहाल शिकायत पत्र के बाबत खरगूपुर थाना प्रभारी ने दूरभाष पर बताया कि कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है, सुनने में आया है कि जानकी नगर पुलिस चौकी क्षेत्र का मामला था, विद्यालय देर से आने को लेकर विवाद था। दोनों लोगों ने आपस में सुलह समझौता कर लिया है।
पूर्व में भी हो चुकी है घटना
बता दें कि यह कोई पहला मामला नहीं है, इससे पूर्व भी इंचार्ज प्रधानाध्यापिका और सहायक अध्यापिका के बीच मारपीट का मामला प्रकाश में आ चुका है। अध्यापिका नेहा का आरोप है कि प्रभारी प्रधानाध्यापिका वह उनके सहयोगी सहायक अध्यापिका उपस्थिति रजिस्टर पर हस्ताक्षर कर आए दिन गायब रहा करती हैं। रजिस्टर पर फर्जी सीएल चढ़ाया जाता है, मामले की शिकायत करने पर मारपीट करती हैं।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ