Type Here to Get Search Results !

Bottom Ad

सपा सरकार में वापस होते थे आतंकवादियों के मुकदमे : योगी

 

मुख्यमंत्री ने मैजापुर चीनी मिल में किया एथनॉल प्लांट का शिलान्यास

बोले-प्रदेश में 15 करोड़ लोगों को लगाया जा चुका मुफ्त टीका

ए. आर. उस्मानी

गोण्डा। जिले के कटरा बाजार क्षेत्र के मैजापुर चीनी मिल में 450 करोड़ के एथनॉल प्लांट के शिलान्यास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा सरकार में विकास और सबकी खुशहाली के कार्य होते हैं। सपा सरकार में आतंकवादियों के मुकदमे वापस होते थे। किसानों का उत्पीड़न होता था।

   


मुख्यमंत्री ने कहा कि अब गरीबों को मुफ्त में आवास, शौचालय, गैस, बिजली कनेक्शन और राशन मिल रहा है। सपा सरकार में गरीबों का राशन सैफई चला जाता था। भूख से मौत होती थी और किसान को उपज का सही मूल्य नहीं मिलता था तो किसान आत्महत्या कर रहे थे। अब ऐसा नहीं होता। 




मुख्यमंत्री ने कहा कि अब किसान गन्ना के साथ पेट्रोल और डीजल भी पैदा करेंगे। पहले डीजल और पेट्रोल के लिए रुपये विदेश जाते थे, लेकिन अब किसानों की जेब में जाएंगे। एथनॉल प्लांट से किसानों को तरक्की होगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।



 भाजपा सरकार किसानों की तरक्की और बिना भेदभाव के सभी की खुशहाली का काम करती है। यह पहले भी हो सकता था, लेकिन साल 2017 के पहले पर्व और त्योहार पर दंगे होते थे। अब पर्व व त्योहार पर शांति है।



 आतंकियों को उनके घर में घुसकर मारा गया। पर्व व त्योहार को लोगों ने पूरे उत्साह से मनाया। जहां पूरे विश्व के कई देश कोरोना से तबाह हैं, लेकिन यहां लोगों की आस्था से कोरोना का खात्मा हो गया। पीएम मोदी ने लोगों को मुफ्त में कोरोना से सुरक्षा के लिए वैक्सीन दिया। 




उन्होंने हाथ उठवाकर पूछा कि कितने लोगों ने टीका लगवाया? कहा कि टीका लगवाइए जरूर, मुफ्त में 15 करोड़ लोगों को प्रदेश में टीका दिया जा चुका है।

    


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों का सम्मान करती है, इसलिए गन्ना के साथ ही गेहूं, धान, दलहन-तिलहन उपज क्रय के लिए केंद्र खोले। गोण्डा में 92 हजार कुंतल किसानों का गेहूं खरीदा गया और एमएसपी की रकम सीधे खातों में भेजी गई। 



गरीबों को आवास दिया। गोण्डा में ही 47 हजार लोगों को प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास दिया गया। सबको मार्च तक राशन देंगे। अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर बन रहा है। गोण्डा में किसी ने सोचा नहीं था कि मेडिकल कॉलेज बनेगा। उसे पूरा किया और मैं खुद मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास करने आया। 



उन्होंने कहा कि कोरोना काल में मैं तीन बार गोण्डा आया और लोगों का हाल लिया। पार्टी के लोग दिन रात जनता के बीच जुटे रहे। उस समय कांग्रेस, सपा व बसपा के लोग छुपे रहे। विपत्ति के समय जनता का हाल नहीं लिया। लोगों को सावधान किया कि ऐसे लोग आएंगे तो दंगे कराएंगे। 




घर में जाकर बताइए कि ऐसे लोगों को घरों में ही रहने देना है। मुख्यमंत्री ने सपा सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और कहा कि जनता के हक पर डकैती डालने वालों से जनता को सावधान रहना है। 



भाजपा सरकार बिना भेदभाव के लोगों की खुशहाली का काम करती है। उन्होंने बलरामपुर ग्रुप की सराहना करते हुए कहा कि एथनॉल प्लांट के साथ ही 15 मेगावाट बिजली उत्पादन केंद्र से क्षेत्र की तरक्की होगी। जगमगाहट होगी, व्यापार व रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह प्रदेश में निवेश करने वालों के साथ हैं।

   


 इस दौरान कीर्तिवर्धन सिंह व समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री आदि ने भी विचार व्यक्त किए। बलरामपुर ग्रुप के प्रबंध निदेशक विवेक सरावगी ने स्वागत किया।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad



 

Below Post Ad

5/vgrid/खबरे