सिमटी भाजपा, कांग्रेसी जीत ने पहली टाउन एरिया की सरकार का रचा इतिहास
लालगंज प्रतापगढ़। साढ़े तीन दशक से अधिक कांग्रेस के अभेद्य दुर्ग बने रामपुर खास की लालगंज टाउन एरिया के चुनाव मे पहले चेयरमैन की जीत का इतिहास भी कांग्रेस के नाम लिखा गया। राज्य सभा सदस्य प्रमोद तिवारी एवं क्षेत्रीय विधायक आराधना मिश्रा मोना समर्थित पार्टी प्रत्याशी अनीता द्विवेदी ने चेयरमैन पद पर रिकार्ड एक हजार चार मतों से जीत हासिल की। विधान परिषद सदस्य उमेश द्विवेदी की अनुज बधू अनीता वर्तमान मे कस्बाई गांव सांगीपुर की प्रधान भी निर्वाचित हुई है। कांग्रेस की अनीता द्विवेदी को तीन हजार चार सौ पचपन मत हासिल हुये। निकटतम प्रतिद्वंदी निर्दलीय पूर्व प्रमुख सूबेदार सिंह की पत्नी इंदु सिंह को दो हजार चार सौ इक्यावन मत हासिल हुये। तीसरे नम्बर पर सैयद सफीक की पत्नी आफरोज बानो को एक हजार दो सौ तिरालिस मत हासिल हुये। भाजपा उम्मीदवार तारा देवी ने सबसे निराशाजनक प्रदर्शन करते हुये मात्र सात सौ चौसठ मत हासिल कर सकी। वहीं बहुजन समाजवादी पार्टी की ज्ञानमती मौर्य को मात्र एक सौ पैतींस मतो पर संतोष हासिल करना पड़ा। इधर बहुजन मुक्ति पार्टी की जीनत बानों को मात्र एक सौ पचासी मत हासिल हुये। शीतलमऊ से बीडीसी गीता सिंह को दो सौ चौतीस, मिथिलेश सिंह को दो सौ अटठाईस तथा प्रभावती सिंह को मात्र इक्तीस मत मिले। इसी क्रम मे दीपा यादव 48, नसरीन 80, निर्दोष कुमारी 55, नूपुर सिंह 17, ममता 65, मुमताज बानो 09, राजपति 53, राजेश्वरी देवी 28, रूमा देवी सरोज 36, विद्या सिंह 12, शायरा बानो 55, मत हासिल कर सकीं। तेरह मतदाताओं ने नोटा का भी प्रयोग किया। निर्वाचन अधिकारी कोमल यादव ने विजयी कांग्रेस की अनीता द्विवेदी को जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया। वहीं विजयी सभासदों को जीत का प्रमाण पत्र तहसीलदार ओमप्रकाश पाण्डेय ने सौंपा।
जनादेश ने भी दिया प्रमोद व मोना को तोहफा
लालगंज को पहली टाउन एरिया की सौगात सौपने का सेहरा कांग्रेस के राज्य सभा सदस्य प्रमोद तिवारी की विधायक बेटी आराधना मिश्रा मोना के नाम रहा.....। जनता ने भी पहली टाउन एरिया के चेयरमैन पद पर कांग्रेस की अनीता द्विवेदी को रिकार्ड मतो से जीत का जनादेश देकर सांसद प्रमोद तिवारी व एमएलए मोना को भी शानदार तोहफा दिया।
चेयरमैन का इतिहास लिखते ही खुशी से झूमा लालगंज, मगन हुये कांग्रेसी
लालगंज टाउन एरिया की पहली सरकार मे कांग्रेस की शानदार ताजपोशी होने की खबर जैसे ही तहसील मुख्यालय से आम हुई। कैम्प कार्यालय मे मौजूद पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं का हुजूम खुशी से झूम उठा। मगन कांग्रेसियों ने कैम्प कार्यालय मे मौजूद विधायक आराधना मिश्रा मोना को फूल व मालाओं से लाद दिया। समर्थकों ने प्रमोद तिवारी व मोना मिश्रा के जिंदाबाद के नारो से देर शाम तक खुशी का इजहार जारी रखा। कार्यकर्ताओं ने लखनऊ खण्ड से शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी को भी मालायें पहनाकर अनुज बधू की जीत की बधाईयां भी सौपीं। वहीं कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने जीत की खुशी मे गोले दागे, पटाखे छोड़े, ऐसा लगा मानो जीती कांग्रेस के लिये शुक्रवार को ईद व होली की खुशियां एक साथ खुशगवार कर गयी।
छावनी मे तब्दील रहा मतगणना स्थल, सीडीओ समेत अफसरों ने संभाली कमान
शुक्रवार को नगर पंचायत की मतगणना को लेकर तहसील परिसर पुलिस छावनी मे तब्दील नजर आया। मतगणना अभिकर्ताओं व कर्मचारियों के अलावा तहसील परिसर मे पुलिसिया सख्ती से परिंदा भी पर न मार सका दिखा। एसडीएम कोमल यादव व तहसीलदार ओमप्रकाश पाण्डेय ने मतगणना कक्ष मे कमान संभाल रखी थी तो वाह्य व आंतरिक सुरक्षा की कमान सीओ रमाकांत यादव तथा कोतवाल तुषार दत्त त्यागी ने बखूबी संभाल रखी थी। पुलिस के साथ पीएसी के जवानों ने भी सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने मे कड़ी मशक्कत कर रखी थी। सीडीओ राजकमल यादव ने मतगणना प्रक्रिया के पारदर्शिता को बनाये रखने मे सराहनीय योगदान देते दिखे।
विधायक मोना ने मॉडल टाउन एरिया बनाने का किया वायदा
टाउन एरिया के चेयरमैन पद पर पार्टी उम्मीदवार अनीता द्विवेदी की जीत को लेकर राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी एवं कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा मोना ने लालगंज की जनता के प्रति आभार जताया। सांसद प्रमोद तिवारी एवं विधायक आराधना मिश्रा मोना ने ऐतिहासिक जनादेश को विकास की मजबूती का पैगाम कहा। विधायक मोना ने कहा कि लालगंज के जनादेश मे विकास तथा सदभावना एवं सुरक्षा के साथ रामपुर खास के सदैव कांग्रेस के लिये अजेय जनादेश की मजबूती एक बार फिर गर्व एवं फक्र के साथ दोहरायी गयी है। विधान परिषद सदस्य उमेश द्विवेदी ने भी कहा कि लालगंज की जनता के इस जनादेश के लिये वह सदैव विकास कार्यो को प्रमोद तिवारी एवं मोना के नेतृत्व मे मजबूती प्रदान करने मे अपना योगदान देते रहेगें। वहीं विधायक मोना के पति व एआईएमटी लखनऊ के निदेशक अम्बिका मिश्र ने टाउन एरिया के चेयरमैन पद पर बड़ी जीत को पार्टी कार्यकर्ताओं की एकजुटता व अथक परिश्रम तथा जनता के बीच शानदार पैठ करार दिया है। सपा विधानसभा अध्यक्ष टीपी यादव ने भी जनता को इस भारी जीत के लिये गठबंधन प्रत्याशी की ओर से धन्यवाद जताया।
सोलह वार्डो के जीते सभासदों ने भी जतायी खुशी
पहली टाउन एरिया के सोलह वार्डो मे सभासदों की जीत को लेकर भी समर्थकों मे शुक्रवार की शाम खासा उत्साह दिखा। वार्ड संख्या एक मे शोभा, दो मे रोहित कुमार, तीन मे कन्या देवी, चार मे अनिल पाण्डेय, पांच मे रेखा देवी, छः मे विमलेश तथा सात मे स्वाती जायसवाल, आठ मे पतरकी, नौ चंद्रप्रकाश उर्फ सोनू शुक्ला, दस मे करूणाशंकर, ग्यारह मे मुकीम, बारह मे रीना, तेरह मे कमला देवी, चौदह मे रमेशचंद्र जायसवाल तथा पंद्रह मे रावेन्द्र व सोलह मे ममता सिंह को निर्वाचन अधिकारी ओमप्रकाश पाण्डेय ने प्रमाण पत्र सौंपा।
बाबा धाम मे टेका मत्था, इंदिरा प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
नव निर्वाचित कांग्रेस की चेयरमैन अनीता द्विवेदी जीत के बाद विधायक आराधना मिश्रा मोना व एमएलसी उमेश द्विवेदी के साथ बाबा घुइसरनाथ धाम पहुंची। यहां विधायक मोना समेत निर्वाचित चेयरमैन अनीता ने बाबा के समक्ष मत्था टेका। इसके पूर्व निर्वाचित चेयरमैन अनीता द्विवेदी व आराधना मिश्रा मोना तथा अम्बिका मिश्र एवं एमएलसी उमेश द्विवेदी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ लालगंज चौक स्थित इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ