अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर में एमएलके पीजी कॉलेज के बी.एड. विभाग में शैक्षिक सत्र 2025-26 के छात्राध्यापक व छात्राध्यापिकाओं के लिए 5 दिवसीय विशेष परिचयात्मक शिविर का सोमवार को भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विभाग परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
20 अप्रैल को आयोजित पांच दिवसीय शिविर का नेतृत्व कोर्स लीडर इशरत सिद्दीकी (जिला संगठन आयुक्त, गाइड, गोरखपुर) एवं सिराजुल हक (जिला संगठन आयुक्त, स्काउट, बलरामपुर) द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. जेपी पाण्डेय प्राचार्य एमएलके पीजी कॉलेज रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. अरुण कुमार सिंह, पूर्व डीन, शिक्षा शास्त्र, सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु, सिद्धार्थनगर उपस्थित रहे ।कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष प्रो. राघवेन्द्र सिंह ने की। इस अवसर पर विभागीय शिक्षक डॉ. राम रहीश एवं शुभम सिंह के साथ-साथ अन्य शिक्षक डॉ. शिव महेंद्र सिंह और डॉ. श्रवण कुमार भी उपस्थित रहे। शिविर में प्रथम दिन के अंतर्गत विविध शैक्षिक एवं व्यक्तित्व विकास संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसमें ‘ध्वज शिष्टाचार’, ‘कोर्स परिचय’, ‘टोली विधि’, ‘स्काउट के आधारभूत सिद्धांत’, व्यायाम, प्रार्थना, झंडा गीत, नियम-प्रतिज्ञा एवं सिद्धांतों की जानकारी प्रदान की गई ।मुख्य अतिथि प्रो. पाण्डेय ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, सेवा एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, विशिष्ट अतिथि डॉ. अरुण कुमार सिंह ने स्काउट-गाइड गतिविधियों को समग्र व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। आगामी दिनों में भी शिविर के अंतर्गत विभिन्न प्रशिक्षण एवं गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ