खुर्शीद खान
सुल्तानपुर।सीएम योगी आदित्यनाथ इन दिनों प्रदेश का दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में वो मंगलवार (24 अप्रैल) को सुल्तानपुर पहुंचे। लेकिन यहां उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा। समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने सीएम योगी को काले झंडे दिखाए और उनका काफिला रोकने की कोशिश की। सपा कार्यकर्ताओं ने यहां सीएम के खिलाफ नारेबाजी भी की। इस दौरान सीएम योगी की सुरक्षा में लगी पुलिस ने विरोध कर रहे सपा कार्यकर्ताओं को दौड़ाकर पीटा और कुछ को गिरफ्तार किया। बता दें, कि इससे पहले सीएम योगी आदित्यनाथ को गाजियाबाद में भी काले झंडे दिखाए गए थे। ये वाकया उस वक़्त हुआ था जब सीएम वहां एलिवेटेड रोड का उद्घाटन करने पहुंचे थे।
हमारी सरकार सतत प्रयत्नशील
अपने तयशुदा कार्यक्रम के तहत सीएम योगी रामनरेश सभागार पहुंचे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, ‘हमने कल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाया। पीएम मोदी के सपनों को पूर्ण करने को स्वराज अभियान की शुरुआत की। जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत मिलता रहे इसके लिए हमारी सरकार सतत प्रयत्नशील है।’
5 महिला लाभार्थियों को सौंपी मकान की चाबी
यहां कार्यक्रम से पहले सीएम आदित्यनाथ ने केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के तहत स्वच्छ भारत योजना के तहत 5 ग्राम रोजगार सेवकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सीएम ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 5 महिला लाभार्थियों को उक्त मकान की चाबी सौंपी।
![]() |
| फ़ोटो:स्कूल चलो अभियान का शुभारम्भ करते सीएम |
आज झोपड़ी में भी रसोई गैस के चूल्हे जल रहे
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘भारत की पूरी अर्थव्यवस्था ग्राम्य पर निर्भर करती है। उन्होंंने कहा, डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांजेक्शन पर प्रधानमंत्री मोदी का पूरा जोर है। 2014 से 2018 के बीच जनधन खाते में कुल 80 हजार करोड़ जमा हुए। ये भी कहा, कि 2014 के पहले रसोई गैस खत्म होने पर लोग सुबह 4 बजे से लाइन में लगते थे उन पर लाठियां चलती थीं लेकिन गैस नहीं मिल पाती थी। आज हमारी सरकार में झोपड़ी में भी रसोई गैस के चूल्हे जल रहे हैं।
पूर्व की सरकारों में 4 जिलों में 24 घंटे मिलती थी बिजली
उन्होंने कहा, बिजली कनेक्शन लेने में पहले लोगों को समस्याएं आती थीं। लेकिन अब बिजली का कनेक्शन फ्री में दिया जा रहा है। पूर्व की सरकारों में 4 जिलों में ही 24 घंटे बिजली मिलती थी लेकिन अब सभी जिलों में समान बिजली मुहैया करायी जा रही है। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा, कि 11हज़ार गरीबों को 2019 तक एक-एक मकान दिया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों और शहरी क्षेत्रों में शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। जो सक्षम होगा वो खुद बनवाएगा और जो सक्षम नहीं होगा, उन्हें सरकार मदद करेगी। उन्होंंने कहा, पूर्व की सरकार में 14 लाख अनसूचित जाति जनजाति के छात्रों को स्कॉलरशिप मिलती थी आज हमारी सरकार ने 21 लाख छात्रों को स्कॉलरशिप दी गई है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ