मनीष ओझा
प्रतापगढ़। लालगंज कोतवाली क्षेत्र के अजगरा बाजार मे एटीएम चोरों की धर पकड़ को लेकर शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ। जेठवारा थाना के सराय आनादेव की किरन सिंह अजगरा बाजार के इण्डिया वन एटीएम पर सुबह करीब साढ़े दस बजे रूपया निकालने पहुंची। अभी पैतालिस सौ रूपये एटीएम से निकले ही कि दो युवक रूपया झपटकर भागने लगे। पीड़िता के शोर मचाने पर आस पास के लोग व व्यापारी मौके पर आ धमके। दोनों आरोपियों को गुस्साई भीड ने पकड़कर जमकर मारापीटा और दोनों के सिर के बाल तक मुड़ा दिये। इसी बीच कोतवाली के दरोगा धर्मेन्द्र सिंह बाजार से गुजर रहे थे। भीड़ देख वह रूक गये। उन्होनें आरोपियों को अपने हवाले करने को कहा किंतु नाराज भीड़ इसके लिये तैयार नहीं थी। पुलिस और भीड के बीच तीखी कहासुनी होने लगी। तब तक बाजार मे जाम लगाने की भी तैयारी होने लगी। इस बीच लालगंज कोतवाल तुषार दत्त त्यागी भी मौके पर पहुंच गये। कोतवाल के काफी देर तक समझाने बुझाने के बाद भीड़ का गुस्सा किसी तरह शांत हो सका। पुलिस की पकड़ मे आये आरोपियों मे मोनू पुत्र हरिवंश पूरे राजीव कोतवाली नगर तथा जेठवारा थाना के रेड़ी वीर सिंह का राजकमल थाने लाया गया। पुलिस इन दोनों आरोपियो से पूछताछ मे जुटी बतायी जाती है। हालांकि पुलिस का कहना है अभी तक घटना को लेकर कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ